
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बुधवार को अनुमानित तौर पर 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है। वहीं, महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह राज्य के इस चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर राज्य की सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रहा है।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि ये आंकड़े अस्थायी हैं। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव में 61.74 प्रतिशत मतदान हुआ था। नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में बुधवार को 69.63 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वित्तीय राजधानी मुंबई में 51.41 प्रतिशत मतदान हुआ। 2019 के चुनाव में मुंबई में मतदान का आंकड़ा 50.67 प्रतिशत था।
महाराष्ट्र विधानसभा की सभी 288 सीटों पर आज मतदान हुआ। चुनाव आयोग के अधिकारी के अनुसार महाराष्ट्र में शाम पांच बजे तक 58.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। महाराष्ट्र में महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच मुख्य मुकाबला है।
महाराष्ट्र के श्रीरामपुर में बुधवार को तड़के तीन अज्ञात लोगों ने शिवसेना उम्मीदवार भाऊसाहेब कांबले की कार पर कथित तौर पर गोलीबारी की। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मतदान के दिन दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने अशोक चीनी मिल के पास कांबले की कार को निशाना बनाया। हालांकि, गोलियां कार और कांबले को नहीं लगीं।
उन्होंने बताया कि अहिल्यानगर जिले में श्रीरामपुर पुलिस ने कांबले की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारी ने बताया कि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है। कांबले कांग्रेस के हेमंत भुजंगराव ओगले के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए बुधवार को दोपहर तीन बजे तक 45.53 प्रतिशत मतदान हुआ।
महाराष्ट्र चुनाव के लिए अपना वोट डालने के बाद अभिनेता रजत कपूर ने कहा, "... मुंबई में मतदान प्रतिशत हमेशा कम रहा है, यह मुंबई की परंपरा है... यह संभव है कि लोग निराश हों क्योंकि उन्होंने किसी को वोट दिया लेकिन उसका नतीजा वहां नहीं निकला जहां उसे जाना चाहिए... मैं एक ऐसी सरकार की उम्मीद करता हूं जो सक्रिय, जनहितैषी और समावेशी हो।"
शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "महाराष्ट्र के हित, विकास, प्रगति का मुद्दा था। जो हमारे उद्योगों को यहां से हटाकर गुजरात ले जाया जा रहा है उसका भी मुद्दा था। महाराष्ट्र के विश्वास, विकास और प्रगति को लेकर मैंने मतदान किया।"
वोट डालने के बाद अभिनेता तुषार कपूर ने कहा, "हमें अपने शहर और अपने देश पर गर्व होना चाहिए। हमें लोकतंत्र से उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। अपने लोकतांत्रिक और मतदान के अधिकार का प्रयोग करें।"
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "जितना मतदान होना चाहिए उस तरह से मतदान नहीं हो पा रहा है। राज्यों में मतदान कम हो रहा है जो अच्छी बात नहीं है। कम से कम 80 से 90 प्रतिशत तक मतदान होना चाहिए। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि 5 साल में एक बार चुनाव आता है आपको पूरे परिवार के साथ मतदान करना चाहिए। मैं चुनाव आयोग से आग्रह करना चाहता हूं कि 1000 लोगों के बूथ में काफी लंबी कतारें लगती हैं, उसे 500 मतदाताओं का बूथ बनाया जाए।"
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और नागपुर दक्षिण-पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव चल रहा है। महाराष्ट्र में मैंने अपने परिवार के साथ मतदान किया है। मैं महाराष्ट्र के अपने सभी भाई-बहनों खासकर हमारी लाडकी बहनों से ये अपील करता हूं कि बहुत बड़े पैमाने पर वोट करें क्योंकि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं है बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। लोकतंत्र में हम सरकार चुनते हैं और जिसको हम चुनते हैं उसी से हम अपेक्षा रखते हैं। अगर हम सरकार से अपेक्षा करते हैं तो मतदान करना भी बहुत आवश्यक है।"
फिल्म निर्देशक सुभाष घई ने कहा, "मतदान अधिकार भी है और कर्तव्य भी। मतदान जरूर करें। मैं उन लोगों को मतदान दूंगा जो महाराष्ट्र के विकास के साथ-साथ यहां के बच्चों का भी कल्याण करें।"
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "आज लोकसभा चुनाव के 6 महीने बाद फिर एक बार भारत और महाराष्ट्र का भाग्य तय करने का दिन आ गया है। आज सुबह से ही मैं देख रहा था कि लोग किस प्रकार से उत्तर मुंबई में मतदान कर रहे हैं और मुझे खुशी है कि लोग भारी संख्या में बाहर आए हैं और मतदान कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने इस बार बहुत अच्छी व्यवस्था की है। किसी को असुविधा नहीं हो रही है। मैं उम्मीद करता हूं कि इस बार 60% से अधिक वोटिंग होगी। ये वोट मात्र वोट नहीं है। हमारे आने वाले 5 वर्ष के भविष्य के आप शिल्पकार बनने वाले हैं। मैं सभी से अपील करता हूं कि आप अवश्य वोट डालने जाएं।"
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष और साकोली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार नाना पटोले ने कहा, "महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेतृत्व में ही महाविकास अघाड़ी की सरकार बनेगी। मतदान के जो रुझान आ रहे हैं, उसके आधार पर राज्य में कांग्रेस के ही सबसे ज्यादा प्रत्याशी चुनकर आएंगे। कल भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े पैसे बांटते हुए पकड़े गए। उनका कहना है कि वे चिट्ठी बांटने गए हैं। इसका अर्थ तो ये है कि उनके पास कार्यकर्ता खत्म हो गए हैं। बीजेपी संवैधानिक व्यवस्था को नहीं मानती।"
बीजेपी नेता अशोक चव्हाण ने कहा, "आज चुनाव है, जनता से अपील है कि वोट करें। वोट करना हमारी ज़िम्मेदारी है। वोट करने से एक अच्छी और मजबूत सरकार आने से निश्चित फायदा है।"
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए वोट डालने के बाद अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने कहा, "हर किसी को वोट डालने का अधिकार है। लोगों को बाहर आकर अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए। आज एक महत्वपूर्ण दिन है, आप एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं।"
वोट डालने के बाद एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि महाराष्ट्र के लोग शांतिपूर्ण तरीके से बड़ी संख्या में मतदान करेंगे। 23 नवंबर के बाद यह देश के सामने आ जाएगा कि राज्य में सरकार बनाने की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी।"
मतदान करने के बाद मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा सीट से NCP उम्मीदवार नवाब मलिक ने कहा, "आज मैंने अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल किया। लोगों से विनती करता हूं कि अपने परिवार के साथ मतदान करें और अपनी मर्जी के विधायक चुनें।"
NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "मैंने सुधांशु त्रिवेदी के सभी 5 सवालों का जवाब दिया है। ये झूठ कोई फैला रहा है। मैंने साइबर क्राइम को इसकी शिकायत की है। सुधांशु त्रिवेदी जहां चाहे मैं उनसे उनकी पसंद की जगह पर, उसकी पसंद के समय, उनकी पसंद के मंच पर बहस करने के लिए तैयार हूं। आज सुबह मैंने उन्हें मानहानि का नोटिस भेजा है।"
बारामती विधानसभा सीट से एनसीपी-एससीपी उम्मीदवार युगेंद्र पवार ने कहा, "पीढ़ी बदलनी चाहिए और नई पीढ़ी को आगे आना चाहिए। आज हमारे देश में 60% लोग 35 वर्ष से कम उम्र हैं। नई पीढ़ी को आगे आना होगा। एक युवा नेतृत्व भी तैयार होना चाहिए।"
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के भाई प्रकाश संभाजी शिंदे ने कहा, "मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे मतदान करें। मुख्यमंत्री शिंदे ने महाराष्ट्र में बहुत काम किया है। राज्य के लोग उन्हें फिर से मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। लोकसभा चुनावों में शिवसेना का स्ट्राइक रेट अच्छा था। इस बार भी शिवसेना का स्ट्राइक रेट सबसे अधिक होगा। मुझे उम्मीद है कि उन्हें कम से कम 1.5 लाख वोटों की बढ़त मिलेगी।"
मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम ने कोलाबा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सचिवालय जिमखाना स्थित मतदान केंद्र पर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए अपना वोट डाला।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने मतदान करने के बाद कहा, "व्यवस्था बहुत अच्छी थी। मैं भारतीय चुनाव आयोग और मुंबई के चुनाव अधिकारियों को बहुत ही सुचारू मतदान के लिए बधाई देना चाहता हूँ। मुझे लगता है कि चुनाव सप्ताह के मध्य में हो रहे हैं इसलिए उम्मीदें हैं कि मतदान प्रतिशत अधिक होगा।"
वोट डालने के बाद BMC कमिश्नर और जिला चुनाव अधिकारी भूषण गगरानी ने कहा, "यहां के सभी अधिकारियों ने पूरी व्यवस्था यहां की है कि जो मतदाता यहां आए उसे हर तरह की सुविधा उपलब्ध हो। इन सब तैयारियों को देखते हुए मुंबई के मतदाता ज्यादा से ज्यादा मतदान में शामिल हों। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी की सहभागिता होनी चाहिए। ये न केवल आपका कर्तव्य है बल्कि आपकी जिम्मेदारी भी है।"
बारामती विधानसभा सीट से एनसीपी-एससीपी उम्मीदवार युगेंद्र पवार ने कहा, "मुझे 100% विश्वास है कि बारामती के लोग शरद पवार को नहीं भूलेंगे और हमें आशीर्वाद देंगे।"
वोट डालने के बाद शिवसेना नेता और मुंबादेवी सीट से उम्मीदवार शाइना एन.सी. ने कहा, "मैं हमारे मुंबई के लोगों से कहूंगी कि आप बाहर आएं और मतदान करें। क्योंकि अगर आप मतदान करते हैं तो आप सवाल कर सकते हैं, प्रश्न चिन्ह उठा सकते हैं। लेकिन जब तक हाथ पर ये निशान नहीं होगा आप कुछ नहीं कर सकते हैं। प्रजातंत्र और लोकतंत्र के इस पर्व में जरूर बाहर आएं और अपनी नैतिक जिम्मेदारी को निभाएं।"
वोट डालने के बाद NCP-SCP नेता और बेलापूर विधानसभा से MVA के उम्मीदवार संदीप नाइक ने कहा कि हर व्यक्ति को अपना मतदान करना चाहिए। विकास के लिए और अवसरों के लिए लोगों को वोट करना चाहिए। चुनाव में स्पर्धा होती है लेकिन सामने वाले के बारे में न सोचकर लोगों की अपेक्षाओं के बारे में सोचना चाहिए।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और बारामती विधानसभा क्षेत्र से NCP उम्मीदवार अजित पवार ने वोट डालने के बाद कहा, "लोकसभा के चुनाव के समय भी हमारे ही परिवार के दो लोग एक दूसरे के खिलाफ खड़े थे। वो चुनाव सब ने देखा है। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। मुझे विश्वास है कि बारामती के लोग मुझे जीत दिलाएंगे।"
वोट डालने के बाद मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और बांद्रा पश्चिम विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार आशीष शेलार ने कहा, "आप आइए प्रथम कर्तव्य कीजिए, बड़े पैमाने पर वोट करें और अपने विभाग, अपने राज्य और शहर की विकास की गंगा में शामिल हो जाएं।"
वोट डानले के बादRSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, "लोकतंत्र में मतदान करना नागरिक का कर्तव्य है। हर नागरिक को यह कर्तव्य निभाना चाहिए। मैं उत्तराखंड में था, लेकिन कल रात मैं अपना वोट डालने के लिए यहां आया। सभी को मतदान करना चाहिए।"
वोट डालने के बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा, "हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यह हर नागरिक का मूल कर्तव्य है कि चुनावों में वे मतदान केंद्रों पर जाएं और वोट दें। अपने घर पर बैठकर इंतजार न करें। अपने सुविधाजनक समय पर आएं और वोट दें।"
महाराष्ट्र विधानसभा की सभी 288 सीटों पर मतदान शुरू हो गया। महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला है। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 20 Nov 2024, 7:05 AM IST