
महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब हवाई, रेल और सड़क यातायात के साथ धार्मिक स्थलों तक पहुंच गया है। मुंबई में खराब मौसम के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं, लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं और कुछ रेल मार्गों पर परिचालन भी प्रभावित हुआ है। वहीं नासिक में तेज बारिश और बादल फटने की आशंका को देखते हुए त्र्यंबकेश्वर मंदिर को एहतियातन बंद रखा गया है।
Published: undefined
भारी बारिश के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। खराब मौसम के कारण 13 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है, जबकि इंडिगो की दिल्ली और इंदौर समेत चार उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एयर इंडिया ने भी एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि मुंबई और दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानें खराब मौसम से प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जांचने की अपील की गई है।
बारिश का असर रेलवे नेटवर्क पर भी पड़ा है। पश्चिम रेलवे के नालासोपारा स्टेशन पर रेल पटरियों से पानी उतर गया है, लेकिन लोकल ट्रेन सेवाएं अब भी करीब पांच मिनट की देरी से संचालित हो रही हैं। वहीं मध्य रेलवे की फास्ट और स्लो दोनों लाइन की ट्रेनें 15 मिनट से अधिक की देरी से चल रही हैं। कर्जत-लोनावाला घाट सेक्शन में लैंडस्लाइड के कारण ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग ने पालघर जिले और वसई-विरार क्षेत्र के लिए आज भी रेड अलर्ट जारी किया है, जहां दिनभर मूसलाधार से अति मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
Published: undefined
नासिक में लगातार हो रही तेज बारिश और बादल फटने की आशंका के बीच त्र्यंबकेश्वर मंदिर को बंद रखा गया है। त्र्यंबक पहाड़ पर घने काले बादल छाए हुए हैं और लगातार मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर के आसपास की सभी दुकानें बंद कर दी गई हैं, जबकि पुलिस ने मंदिर से कई मीटर पहले ही नाकाबंदी कर दी है। मध्य प्रदेश और बिहार से दर्शन के लिए पहुंचे कई श्रद्धालुओं को निराश होकर लौटना पड़ा। लगातार बारिश के कारण त्र्यंबकेश्वर और आसपास के इलाकों की सड़कों पर पानी भरना भी शुरू हो गया है।
Published: undefined
पुणे के वाघोली इलाके में भारी बारिश के बीच प्राकृतिक जल निकासी मार्ग (नाले) पर कथित अतिक्रमण का असर सामने आया। बताया जा रहा है कि नाले का रास्ता बाधित होने से बारिश का पानी रिहायशी इलाके में घुस गया। कई फीट तक जलभराव होने से एक बस समेत कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे यातायात भी प्रभावित रहा।
इस बीच पुणे-मुंबई मिसिंग लिंक कॉरिडोर को करीब 18 घंटे बाद यातायात के लिए दोबारा खोल दिया गया है। हालांकि फिलहाल केवल दो लेन पर ही वाहनों की आवाजाही शुरू की गई है। सुरंग के ऊपर से अब भी झरने की तरह पानी बह रहा है और उसके साथ छोटे-छोटे पत्थर भी नीचे गिर रहे हैं। ऐसे में इस मार्ग पर खतरा पूरी तरह टला है या नहीं, इसे लेकर सवाल बने हुए हैं।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined