हालात

बिहार में बड़ा हादसा, मुजफ्फरपुर के अस्पताल में भीषण आग, 3 मरीजों की मौत, 20 से ज्यादा घायल

मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में तड़के लगी भीषण आग में 3 लोगों की मौत हो गई। ICU में शॉर्ट सर्किट के बाद धुआं फैलने से 20 से ज्यादा मरीज घायल हुए, कई की हालत गंभीर है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में आग लगने के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे में 20 से ज्यादा मरीज प्रभावित हुए हैं, जबकि कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Published: undefined

ICU में लगी आग, पूरे अस्पताल में फैला जहरीला धुआं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग तड़के करीब तीन बजे अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू (ICU) वार्ड में लगी। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की और कुछ ही देर में पूरे आईसीयू क्षेत्र में घना धुआं भर गया। इसके बाद जहरीला धुआं अस्पताल के अन्य हिस्सों में भी फैल गया, जिससे भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

धुएं के कारण आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीज सबसे अधिक प्रभावित हुए। कई मरीजों को दम घुटने की समस्या का सामना करना पड़ा। अस्पताल में मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे, जबकि गंभीर मरीजों को सुरक्षित निकालने के लिए तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

Published: undefined

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान सैकड़ों एंबुलेंस की मदद से मरीजों को सुरक्षित स्थानों और आसपास के अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया। कई मरीजों को तत्काल रेफर करना पड़ा।

घटनास्थल पर देर रात और सुबह तक चीख-पुकार तथा भय का माहौल बना रहा। मरीजों के परिजन अपने परिजनों की जानकारी पाने के लिए अस्पताल और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करते रहे। आग से प्रभावित कई मरीजों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

Published: undefined

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, जांच के आदेश

हादसे के बाद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया गया, जिसकी वजह से स्थिति और गंभीर हो गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारी राम निवास पांडेय ने बताया कि पूरे मामले का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईसीयू में दम घुटने से कई मरीज प्रभावित हुए हैं और मृतकों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा है कि वह प्रशासन के साथ पूरा सहयोग कर रहा है और हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। जिला प्रशासन ने भी घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आईसीयू वार्ड में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी भी आग के तेजी से फैलने का एक संभावित कारण हो सकती है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

उत्तर बिहार के प्रमुख निजी अस्पतालों में गिने जाने वाले प्रसाद हॉस्पिटल में हुए इस हादसे ने निजी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन प्रबंधन और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। मलबे की जांच और बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ मरीजों की स्थिति और उनकी जानकारी देर तक स्पष्ट नहीं हो सकी थी।  

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined