हालात

'वोट चोरी' पर आरपार: मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया, आगे की रणनीति पर भी चर्चा संभव

माना जा रहा है कि इस दौरान विपक्षी दलों के नेता मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद आगे की रणनीति पर भी चर्चा कर सकते हैं।

उपराष्ट्रपति चुनावः मतदान से एक दिन पहले विपक्षी नेताओं ने की अहम बैठक, अंतिम रणनीति पर हुई चर्चा
उपराष्ट्रपति चुनावः मतदान से एक दिन पहले विपक्षी नेताओं ने की अहम बैठक, अंतिम रणनीति पर हुई चर्चा फोटोः @INCIndia

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों को दोपहर के भोज पर आमंत्रित किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने अपराह्न करीब 1:30 बजे जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्तरां में सांसदों को बुलाया है।

माना जा रहा है कि इस दौरान विपक्षी दलों के नेता मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद आगे की रणनीति पर भी चर्चा कर सकते हैं।

मंगलवार को क्या हुआ?

‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को संसद से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च आयोजित किया था।

पुलिस ने मार्च को संसद मार्ग के पास अवरोधक लगाकर रोक दिया था। इसके बाद कई विपक्षी नेताओं और सांसदों ने वहीं धरना दिया। दिल्ली पुलिस ने करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें ‘इंडिया’ गठबंधन के 10 सांसद भी शामिल थे। बाद में हिरासत में लिए गए नेताओं को छोड़ दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं समेत कई विपक्षी नेता मौजूद थे।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बाद में आकाशवाणी भवन परिसर में भी धरने पर बैठ गए और करीब आठ घंटे बाद पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लिया।

सूत्रों का कहना है कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों से बुधवार को भी दिल्ली में मौजूद रहने के लिए कहा गया था। ऐसे में आज का दोपहर का भोजन विपक्षी सांसदों के बीच समन्वय और आगे के कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए