मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है। इलाहाबाद हाईकोर्ट में शुक्रवार दोपहर 2 बजे इस मामले की सुनवाई होगी। जस्टिस राम मनोहर नारायण मिश्रा की एकल पीठ इस पर विचार करेगी।
यह विवाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर और उसके पास स्थित शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा है। हिंदू पक्ष का कहना है कि मस्जिद उसी स्थल पर बनी है, जिसे भगवान कृष्ण की जन्मस्थली माना जाता है। उनका आरोप है कि 17वीं सदी में मुगल शासक औरंगजेब ने प्राचीन केशवदेव मंदिर को ध्वस्त कर इस मस्जिद का निर्माण कराया था।
Published: undefined
वहीं, मुस्लिम पक्ष मस्जिद की ऐतिहासिक और कानूनी वैधता पर जोर देता है। मामला केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा नहीं है, बल्कि इसमें मंदिर की जमीन पर स्वामित्व, पूजा-अर्चना का अधिकार और पुरातात्विक जांच जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। वर्तमान में इस विवाद से संबंधित 18 से अधिक याचिकाएं हाईकोर्ट में लंबित हैं।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2023 से इलाहाबाद हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद की तर्ज पर सीधे चल रही है। अदालत ने कई याचिकाओं को एक साथ जोड़कर सुनवाई शुरू की है, ताकि मामले का जल्द निपटारा हो सके। शुक्रवार की सुनवाई में वाद के बिंदु तय होने की संभावना है, जिससे यह साफ होगा कि अदालत किन कानूनी पहलुओं पर विचार करेगी।
धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से संवेदनशील इस विवाद में हिंदू पक्ष मंदिर के पुनर्निर्माण और भूमि पर अधिकार की मांग कर रहा है, जबकि मुस्लिम पक्ष मस्जिद की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखने की दलील देता है।
Published: undefined