
सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा का एक दिन का सत्र बुलाने का फैसला किया
लोकसभा का सत्र 30 नवंबर को और राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर को बुलाया जाएगा
महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को पारित कराने की एक और कोशिश
मोदी सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। लोकसभा का सत्र 30 नवंबर को और राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर को बुलाया जाएगा। माना जा रहा है कि सरकार ने महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को पारित कराने की कोशिश के तहत यह बैठक बुलाई है।
सरकार ने दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों से इस संबंध में अनुरोध किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए इस बारे में जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, "सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा को बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाएं। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है।"
रिजिजू के पोस्ट के बाद से ही संसद के इस विशेष सत्र को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सरकार इस सत्र में कोई बड़ा फैसला भी ले सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच सूत्रों का दावा है कि संसद के विशेष सत्र से पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।
रिजिजू के इस ऐलान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार ने महिला आरक्षण और उससे जुड़े परिसीमन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश के तहत यह बैठक बुलाई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस सत्र में कौन से विधेयक या प्रस्ताव लाए जाएंगे। माना जा रहा है कि सरकार इस एक दिन के सत्र में कोई विशेष विधेयक पारित कराने की कोशिश करेगी। इसी वजह से दोनों सदनों को अलग-अलग दिन बुलाने का फैसला लिया गया है।
बता दें कि संसद के मानसून सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, हालांकि उसके बाद से अब तक सत्रावसान नहीं किया गया था। पिछले लंबे समय से इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि सरकार परिसीमन विधेयक पारित कराने की कोशिश के तहत कभी भी संसद का विशेष सत्र बुला सकती है, इसीलिए मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किया गया है। अटकलें सही साबित हुईं और अब सरकार ने दोनों सदनों का एक दिन का सत्र बुलाने का ऐलान कर दिया है। खास बात यह भी है कि दोनों सदनों का सत्र अलग-अलग दिन बुलाया गया है।