हालात

'20 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया मासिक खर्च', जयराम ने पीएम मोदी से पूछा- महंगाई के बुरे दिनों से जनता को कब मिलेगी राहत?

जयराम रमेश ने कहा कि कहीं वस्तुओं की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, तो कहीं पैकेट का वजन घटाकर ग्राहकों को कम सामान दिया जा रहा है। ऐसे में आम आदमी को हर तरफ से महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश
कांग्रेस नेता जयराम रमेश 

कांग्रेस ने महंगाई को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि गरीब और मध्यम वर्ग आखिर कब तक महंगाई की दोहरी मार झेलता रहेगा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से महंगाई पर ‘श्वेत पत्र' जारी करने और आसमान छूती कीमतों पर काबू पाने के लिए सरकार के ठोस कदमों की जानकारी देने की मांग की।

जयराम रमेश का पीएम मोदी पर तंज 

जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ प्रवचनमंत्री जी बताएं कि गरीब और मध्यम वर्ग आखिर कब तक महंगाई की यह दोहरी मार झेलता रहेगा? प्रधानमंत्री देश के सामने महंगाई पर श्वेत पत्र जारी करें और बताएं कि आसमान छूती कीमतों पर काबू पाने तथा आम परिवारों को राहत देने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठाने जा रही है।''

उन्होंने कहा, ‘‘ आखिर कब तक अच्छे दिनों के वादों से गुमराह हुई देश की जनता को महंगाई के बुरे दिन झेलने पड़ेंगे?''

रसोई का बजट बिगड़ रहा है- जयराम

कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि रसोई का बजट बिगड़ रहा है और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल, टीवी से लेकर बिस्किट और नमक तक के दाम बढ़ने की खबरें हैं, दूध के दाम भी बढ़ चुके हैं और घी तथा तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

जयराम रमेश ने कहा कि कहीं वस्तुओं की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, तो कहीं पैकेट का वजन घटाकर ग्राहकों को कम सामान दिया जा रहा है। ऐसे में आम आदमी को हर तरफ से महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।

'20 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया है मासिक खर्च'

उन्होंने महंगाई के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अक्टूबर में खुदरा महंगाई 6.09 प्रतिशत और खाद्य महंगाई 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गई। उनके मुताबिक, खुदरा महंगाई ने मौजूदा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) श्रृंखला में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की छह प्रतिशत की ऊपरी सीमा पार की।

जयराम रमेश ने दावा किया कि घरेलू उपकरणों और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के कारण देश के 61 प्रतिशत परिवारों का मासिक खर्च पहले के मुकाबले 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि थोक महंगाई भी बढ़कर 12.29 प्रतिशत हो गई है, जो 2022-23 आधार वर्ष वाली नयी थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) श्रृंखला में अब तक का उच्चतम स्तर है।

उन्होंने कहा कि महंगाई का दबाव अब केवल उपभोक्ताओं की जेब तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्पादन और कारोबार की लागत पर भी पड़ रहा है।

‘‘बहुत हुई महंगाई की मार, अब जवाब दे मोदी सरकार’’

कांग्रेस नेता ने ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में आरबीआई ने रेपो दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर इसे 5.50 प्रतिशत कर दिया था, जिसके बाद कई बैंकों ने होम लोन सहित दूसरे कर्जों की ब्याज दरें बढ़ा दीं।

जयराम रमेश ने आशंका जताई कि दिसंबर में आरबीआई की ओर से एक और बढ़ोतरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को महंगाई के साथ-साथ बढ़ती मासिक किस्त (ईएमआई) का बोझ भी उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ आमदनी पर दबाव है, दूसरी तरफ खर्च और कर्ज दोनों महंगे होते जा रहे हैं।''

कांग्रेस महासचिव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘बहुत हुई महंगाई की मार, अब जवाब दे मोदी सरकार।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए