हालात

आज देश मना रहा आजादी का जश्न, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बोले- हर भारतीय को मिले समानता, सम्मान और न्याय

मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संदेश में स्वतंत्रता के अर्थ को संविधान से जोड़ते हुए कहा कि आजादी केवल अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति नहीं, बल्कि हर भारतीय को संविधान से मिले समानता, सम्मान, न्याय और अपनी बात कहने के अधिकार का भरोसा है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 

देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। देशभर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे और देशभक्ति के रंग में जश्न का माहौल है। 2026 में आजादी के 79 वर्ष पूरे हुए हैं, जबकि यह 80वां स्वतंत्रता दिवस है। इसी मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले अनगिनत सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

79 साल की यात्रा में देश ने हासिल की कई उपलब्धियां- खड़गे

खड़गे ने कहा कि पिछले 79 वर्षों में देश ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन एक राष्ट्र के रूप में अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संदेश में स्वतंत्रता के अर्थ को संविधान से जोड़ते हुए कहा कि आजादी केवल अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति नहीं, बल्कि हर भारतीय को संविधान से मिले समानता, सम्मान, न्याय और अपनी बात कहने के अधिकार का भरोसा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत और हर नागरिक का मजबूत सुरक्षा कवच बताया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बीते एक दशक में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव के सामने आई चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए अवसर, किसानों को उनकी मेहनत का सम्मान और न्याय तथा महिलाओं को समान अधिकार और मजबूत भागीदारी मिलनी चाहिए।

कमजोर वर्गों को मिले संविधान में अधिकार- खड़गे

खड़गे ने दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए संविधान में निहित समानता और न्याय के अधिकार को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर देश का सबसे बड़ा संकल्प उम्मीद होना चाहिए।

उन्होंने युवाओं की आवाज, किसानों के परिश्रम, महिलाओं के साहस और करोड़ों भारतीयों के विश्वास को देश की ताकत बताते हुए कहा कि मिलकर हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। खड़गे ने देशवासियों से ऐसी आजादी की रक्षा करने का आह्वान किया, जिसमें हर आवाज को सम्मान, हर सपने को अवसर और हर भारतीय को आगे बढ़ने का समान अधिकार मिले।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए