
दिल्ली में नीट परीक्षा के पेपर लीक खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों और प्रदर्शनकारियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। दिल्ली सरकार ने प्रदर्शन के दौरान दर्ज हुए मुकदमों को वापस लेने और मामलों को बंद करने की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। उपराज्यपाल की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद गृह विभाग ने इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दिशा-निर्देश दे दिए हैं।
आदेश में कहा गया है कि जिन्हें गिरफ्तार या डिटेन किया गया है, उन्हें जल्द रिलीज कर दिया जाएगा। हालांकि दिल्ली सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि क्रिमिनल बैक ग्राउंड वालों के खिलाफ लीगल एक्शन लिया जाएगा।
दिल्ली सरकार के गृह विभाग के अनुसार, इस फैसले के तहत कुल 13 आपराधिक मामलों को पूरी तरह से बंद किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ अब कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। प्रेस विज्ञप्ति में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन मामलों में प्रदर्शनकारियों को पहले ही गिरफ्तार या हिरासत में लिया जा चुका है, उनकी फाइलों की तुरंत समीक्षा की जाए। बिना आपराधिक रिकॉर्ड वाले छात्रों को जल्द से जल्द रिहा करने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए कहा गया है।
अबतक 4 राज्य सरकारें NEET-UG 2026 पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज मामले और FIR वापस लेने की घोषणा कर चुकी हैं। इनमें असम, बिहार, महाराष्ट्र और दिल्ली शामिल हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए