हालात

NEET UG पेपर लीक: 20 हजार पेज की चार्जशीट दाखिल, कोर्ट ने CBI से मांगे बाकी दस्तावेज, 3 अगस्त को अगली सुनवाई

NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने 20 हजार पेज की चार्जशीट राऊज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल की है। कोर्ट ने एनेक्स्चर जमा करने के लिए एजेंसी को अतिरिक्त समय दिया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट को बताया कि इस मामले में दाखिल की गई चार्जशीट करीब 20 हजार पेज की है। अदालत ने चार्जशीट को रिकॉर्ड पर स्वीकार कर लिया है, लेकिन उससे जुड़े एनेक्स्चर (संलग्न दस्तावेज) दाखिल करने के लिए सीबीआई को अतिरिक्त समय दे दिया है। अब इस बहुचर्चित मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को होगी।

कोर्ट ने पूछा- चार्जशीट में जिन दस्तावेजों का जिक्र है, वे कहां हैं?

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि चार्जशीट के साथ दस्तावेजों, गवाहों के बयानों और जब्त की गई वस्तुओं की सूची संलग्न की गई है। हालांकि कोर्ट ने सीबीआई से यह भी पूछा कि चार्जशीट में जिन बयानों और अन्य दस्तावेजों का हवाला दिया गया है, वे रिकॉर्ड पर उपलब्ध क्यों नहीं हैं।

इस पर सीबीआई ने अदालत को बताया कि चार्जशीट से जुड़े करीब 20 हजार पेज के एनेक्स्चर दस्तावेज अभी स्कैन किए जा रहे हैं। इसी वजह से उन्हें दाखिल करने के लिए कुछ और समय चाहिए। अदालत ने यह अनुरोध स्वीकार कर लिया और दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त समय दे दिया। अब उम्मीद है कि 3 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई तक सीबीआई सभी एनेक्स्चर भी कोर्ट के सामने पेश कर देगी।

CBI ने दो नए लोक अभियोजकों की नियुक्ति की

मामले में अभियोजन पक्ष को और मजबूत करने के लिए सीबीआई ने अहम नियुक्तियां भी की हैं। एडवोकेट वीके पाठक और एडवोकेट अर्जुन आनंद को राऊज एवेन्यू कोर्ट की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस मामले के लिए सीबीआई की ओर से लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है।

3 अगस्त की सुनवाई पर टिकी हैं सभी की नजरें

नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और अदालत में दाखिल 20 हजार पेज की चार्जशीट को जांच का अहम पड़ाव माना जा रहा है। अब सभी की नजर 3 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई पर है, जब चार्जशीट से जुड़े सभी एनेक्स्चर भी अदालत के सामने पेश किए जाने की संभावना है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए