हालात

ओडिशा: कांग्रेस का सरकार पर हमला, कहा- महिलाओं के खिलाफ अपराध में बढ़ोतरी, 10 मार्च को होगा बड़ा आंदोलन

कांग्रेस की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बीजेपी के सरकार बनाने के बाद राज्य में ‘‘कोई शासन नहीं’’ है और इस ‘‘अराजकता’’ से महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

ओडिशा में विपक्षी दल कांग्रेस ने पिछले साल जून में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद से महिलाओं के खिलाफ अपराध में वृद्धि का आरोप लगाते हुए 10 मार्च को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

कांग्रेस की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बीजेपी के सरकार बनाने के बाद राज्य में ‘‘कोई शासन नहीं’’ है और इस ‘‘अराजकता’’ से महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

Published: undefined

उन्होंने मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला करते हुए कहा, ‘‘राज्य में हर दिन कम से कम सात महिलाओं को किसी न किसी तरह के अपमान का सामना करना पड़ता है। अगर कानून का शासन होता तो स्थिति अलग होती।’’

दास ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता 10 मार्च को हर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेंगे।

एक बयान में प्रदेश कांग्रेस ने दावा किया कि पिछले आठ महीनों में महिलाओं से संबंधित 1,600 मामले सामने आए हैं और उनमें से 54 मामले सामूहिक बलात्कार के हैं।

इसमें कहा गया, ‘‘इससे पता चलता है कि राज्य में महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं। इसलिए कांग्रेस निश्चित रूप से इस मामले को लेकर पूरे राज्य में आंदोलन करेगी।’’

Published: undefined

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयदेव जेना ने कहा, ‘‘आजादी के 77 साल बाद भाजपा पहली बार ओडिशा की सत्ता में आई है। वे सरकार में केवल आठ महीने से हैं और इसे ठीक से नहीं चला पा रहे हैं। लोग यहां सरकार के अस्तित्व को महसूस नहीं कर रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने सोमवार को दावा किया था कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या में कमी आई है और उनकी सरकार जल्द इस मुद्दे पर श्वेत पत्र प्रकाशित करेगी।

इस मुद्दे पर एक मार्च को मुख्यमंत्री आवास के निकट कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए माझी ने कहा, ‘‘कांग्रेस को सरकार पर निशाना साधने दीजिए। कांग्रेस एक डूबती हुई पार्टी है और वह सुर्खियों में आने के लिए ये सब (आंदोलन) कर रही है। वह निराधार आरोप लगा रही है।’’

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined