हालात

वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल, राहुल गांधी के नेतृत्व में 'इंडिया' ने सुप्रीम कोर्ट तक किया मार्च

‘इंडिया’ गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता एक-एक ट्रक पर सवार होकर बाराखंबा रोड से उच्चतम न्यायालय के लिए रवाना हुए। कई नेता और कार्यकर्ता पैदल ही उच्चतम न्यायालय की तरफ रवाना हुए। कई नेता बसों में सवार थे।

वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल, राहुल गांधी के नेतृत्व में 'इंडिया' ने दिल्ली की सड़कों पर किया मार्च
वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल, राहुल गांधी के नेतृत्व में 'इंडिया' ने दिल्ली की सड़कों पर किया मार्च फोटोः वीडियोग्रैब

वोट चोरी के खिलाफ इंडिया गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट मार्च

राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष के बड़े नेता मार्च में शामिल

आगे-आगे नेता, पीछे आम लोगों का भारी जनसैलाब

वोट चोरी पर रोक लगाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े नेता दिल्ली में बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च कर रहे हैं। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, डीके शिवकुमार, रेवंत रेड्डी, सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेहा बोरा, डी राजा समेत विपक्ष के कई दिग्गज नेता आगे-आगे सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च कर रहे हैं और उनके पीछे आम लोगों का भारी जनसैलाब चल रहा है।

अखिलेश, तेजस्वी, ममता भी मार्च में शामिल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और ‘इंडिया’ गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता एक-एक ट्रक पर सवार होकर बाराखंबा रोड से उच्चतम न्यायालय के लिए रवाना हुए। कई नेता और कार्यकर्ता पैदल ही उच्चतम न्यायालय की तरफ रवाना हुए। कई नेता बसों में सवार थे। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी भी अपने सांसदों के साथ पैदल मार्च में शामिल हुईं।

मोदी, ज्ञानेश कुमार और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी

इससे पहले विपक्षी दलों के नेता कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से बसों में सवार होकर बाराखंबा रोड पहुंचे और वहां एकत्र होने के बाद उन्होंने उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च शुरू किया। ‘इंडिया’ गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को ‘‘चलो दिल्ली - लोकतंत्र के लिए मार्च’’ नाम दिया है। इस मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ज्ञानेश कुमार और बीजेपी के खिलाफ पुरजोर नारेबाजी की।

बीजेपी संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है

इस मार्च में राहुल गांधी के साथ मौजूद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि आंदोलन और धरना-प्रदर्शन जारी रहेंगे। लोकतंत्र को बचाना हमारी जिम्मेदारी है। बीजेपी, चुनाव आयोग के साथ मिलकर संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। वे हमेशा सत्ता में बने रहना चाहते हैं। वे फर्जी वोटर लिस्ट बनाते हैं, फर्जी वोट डलवाते हैं और चुनाव नतीजों में हेरफेर करते हैं। हम सभी कानूनी और व्यावहारिक तरीके अपनाएंगे। सरकार को बात सुननी चाहिए और सीईसी को हटाना चाहिए। बीजेपी को अपनी गलती माननी चाहिए।

प्रदर्शन की जगह बदलने से गलत हरकतें छिप नहीं सकतीं

उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन की जगह बदलने से समस्या हल नहीं होगी। अगर वे लोकतंत्र को मजबूत करना चाहते हैं, तो उन्हें विरोध-प्रदर्शन के लिए और जगहें बनानी चाहिए। सरकार सिर्फ जगह बदलकर खुद को नहीं बचा सकती है। विरोध-प्रदर्शन की जगह बदलने से सरकार की गलत हरकतें छिप नहीं सकतीं। हम लोकतंत्र के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे। संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों और खासकर युवा छात्रों के साथ बहुत अन्याय हो रहा है। खास तौर पर उन छात्रों और युवाओं के साथ, जो अपनी आवाज उठाने के लिए यहां आए थे, पुलिस प्रशासन और बीजेपी सरकार ने बहुत ज्यादा भेदभाव किया है।

दिल्ली ने ऐसा विरोध प्रदर्शन पहले कभी नहीं देखा

सीपीआई महासचिव डी. राजा ने कहा कि दिल्ली ने ऐसा विरोध प्रदर्शन पहले कभी नहीं देखा। पूरे देश के लोगों में गुस्सा है। जिस तरह से ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर बने हुए हैं, वह लोगों को मंज़ूर नहीं है क्योंकि उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग ने संविधान के तहत तय संवैधानिक संस्था के तौर पर काम नहीं किया है। इसलिए लोग मांग कर रहे हैं कि उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या उन्हें हटा दिया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने इस पर एक शब्द भी नहीं कहा है। अमित शाह ने भी कुछ नहीं कहा है। उन्हें लगता है कि वे सुरक्षा बलों का इस्तेमाल करके लोगों के इस आंदोलन को दबा सकते हैं। ऐसा नहीं होगा। इसलिए हम सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने जा रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए