
इंडिया ब्लॉक शुक्रवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘‘जन महाभियोग’’ आयोजित करेगा
जन महाभियोग’ कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे प्रस्ताव पेश करेंगे और राहुल गांधी समापन भाषण देंगे
गठबंधन के नेताओं ने आज खड़गे के आवास पर बैठक कर तैयारी को अंतिम रूप दिया
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के 30 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘‘जन महाभियोग’’ कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। खबर है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस कार्यक्रम की कार्यवाही की शुरुआत करते हुए ‘प्रस्ताव’ पेश करेंगे और इसे पारित किए जाने से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे।
‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने गुरुवार को दिल्ली में खड़गे के आवास पर बैठक कर ‘‘जन महाभियोग’’ की कार्यवाही को अंतिम रूप दिया। गठबंधन के नेता ‘‘वोट चोरी’’ के मुद्दे पर सांकेतिक विरोध के तौर पर खड़गे के आवास पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह ‘‘जन महाभियोग’’ कार्यक्रम आयोजित करने वाले हैं।
इस बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीरा कुमार, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्रायन, समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की महुआ माजी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के जॉन ब्रिटास समेत कई नेता शामिल हुए।
सूत्रों ने बताया कि मीरा कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘‘जन महाभियोग’’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। खड़गे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘महाभियोग प्रस्ताव’ पेश करेंगे, जबकि प्रस्ताव पारित किए जाने से पहले राहुल गांधी समापन भाषण देंगे।
इससे पहले खड़गे ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा कि ‘वोट चोरी’ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध जारी रहेगा और सभी विपक्षी दल इसका समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा विरोध ‘वोट चोरी’ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा आयोग में किए गए कृत्यों के खिलाफ है। हम इसे जारी रखेंगे और सभी दल हमारा समर्थन कर रहे हैं।’’
खड़गे ने कहा कि विपक्ष शुक्रवार को ‘मॉक पार्लियामेंट’ (प्रतीकात्मक संसद) आयोजित करेगा और एक नवंबर को रैली की जाएगी, जिसमें देशभर से लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हम लड़ेंगे क्योंकि लोकतंत्र में जब तक आप संघर्ष नहीं करते, तब तक लोग जागरूक नहीं होंगे। इसीलिए हम यह सब कर रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि एसआईआर और ‘वोट चोरी’ से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा हो। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों की पीड़ा और लोकतंत्र पर हमले के मुद्दे को चर्चा के जरिये सामने लाया जाना चाहिए और लोगों को यह भरोसा दिलाया जाना चाहिए कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सभी एकजुट हैं।’’ गोगोई ने कहा कि शुक्रवार को होने वाले ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम से विपक्षी दलों की एकजुटता का संदेश जाएगा।
समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के ‘‘जन महाभियोग’’ में प्रत्येक दल की ओर से केवल एक व्यक्ति अपनी बात रखेगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह तय किया गया है कि या तो पार्टी का नेता खुद कल बोलेगा या अपनी ओर से बोलने के लिए किसी व्यक्ति को नामित करेगा।’’
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को कहा था कि कई स्थानों पर आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के कारण ‘‘इंडिया जनबंधन’’ 30 अक्टूबर को अपराह्न साढ़े तीन बजे खड़गे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर ज्ञानेश कुमार का ‘‘जन महाभियोग’’ आयोजित करेगा। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं को लेकर कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए