
पंजाब पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में पंजाब के डीजीपी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 हैंड ग्रेनेड, 2 पिस्तौल और 3.491 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशों में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। ये तस्कर आपराधिक तत्वों के बीच बांटने के लिए अवैध हथियार मुहैया कराते थे। पुलिस को शक है कि यह नेटवर्क पंजाब में नशा और हथियारों की सप्लाई कर रहा था।
इस मामले में थाना चटीविंड और लोपोके में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके पीछे के सभी संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
पंजाब पुलिस ने कहा कि वह राज्य की सुरक्षा और सलामती सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी तथा संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इससे पहले सोमवार को भी अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इस ऑपरेशन में पुलिस ने 10 पिस्तौल, जिनमें 3 ग्लॉक 9एमएम और 7 .30 बोर की पिस्तौल शामिल हैं, और 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी विदेशों में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। विदेश से अवैध हथियार मंगवाकर उन्हें आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए