
लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में क्षेत्र की खराब सड़कों की तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों से जवाब मांगा। दिशा की बैठक के नामित सदस्य उमेश बहादुर सिंह उर्फ बबलू सिंह ने बताया कि बैठक में राहुल गांधी एक अलग अंदाज में नजर आये और उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनवायी गयी सड़कों में गड्ढे होने की तस्वीरें दिखायीं।
बहादुर सिंह ने बताया कि ऐसी सड़कों के नाम गिनाते हुए राहुल गांधी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि आखिर इन सड़कों पर गड्ढे क्यों हैं और इन्हें ठीक करने के लिए वे क्या कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि कौन सी सड़क किस कार्यदायी संस्था ने बनायी है, यह चिह्नित किया जाना चाहिये।
बहादुर सिंह ने बताया कि पीएमजीएसवाई के अधिषासी अभियंता ने बैठक में कहा कि सड़कों के गड्ढों को ठीक कराया जाएगा। बैठक खत्म होने के बाद सांसद राहुल गांधी बाहर निकले और संवाददाताओं से बिना कुछ कहे चले गए।
इससे पहले, अपने रायरबेली दौरे के दूसरे और अंतिम दिन बुधवार को राहुल गांधी ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कई संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। इस दौरान अमेठी और सुलतानपुर के भी काफी संख्या में लोग राहुल गांधी से मिलने पहुंचे। शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुनील सिंह भदौरिया ने बताया कि रायबरेली, अमेठी और सुलतानपुर जनपद के लोगों ने सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि इस दौरान राहुल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया।
भदौरिया ने बताया कि राहुल गांधी ने अपने इस दौरे पर करीब तीन करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए