
कोलकाता में शनिवार को पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का मोदी सरकार के खिलाफ मेगा रैली होने वाली हैं। इस रैली में ममता बनर्जी मोदी सरकार के जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हुंकार भरेंगी। इस रैली को लेकर कई राज्यों के क्षेत्रीय दलों ने अपना समर्थन दिया है और कई बड़े नेता शामिल भी होंगे। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी रैली को समर्थन देते हुए ममता बनर्जी को पत्र लिखा है।
राहुल गांधी ने अपने पत्र में ममता बनर्जी को दीदी का संबोधन देते हुए मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष में अपना समर्थन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई इस रैली से एकजुट भारत का शक्तिशाली संदेश जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा विपक्ष इस विश्वास के प्रति एकजुट है कि सच्चे राष्ट्रवाद और विकास की रक्षा लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता जैसे उन मूल्यों के आधार पर करनी है जिनको मोदी सरकार नष्ट कर रही है।
उन्होंने आगे अपने संदेश में कहा, “हम बंगाल के लोगों की सराहना करते हैं जो ऐतिहासिक रूप से हमारे इन मूल्यों की रक्षा करने में आगे रहे हैं।”
वहीं इस रैली से पहले आज ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर फिर हमला बोला। उन्होंने यह रैली लोकसभा चुनावों से पहले बीजेपी के लिए मृत्यु-नाद की मुनादी होगी। बीजेपी के कुशासन के खिलाफ संयुक्त लड़ाई का संकल्प है। उन्होंने आगे कहा कि आगामी चुनाव में मोदी सरकार 125 से अधिक सीटें नहीं जीत पाएगी।
बता दें शनिवार को कोलकाता में ममता ने विपक्ष की रैली का आयोजन किया है। जिसमें कई राज्यों के सीएम अरविंद केजरीवाल, एच कुमारस्वामी, एन चंद्रबाबू नायडू के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, डीएमके के एमके स्टालिन, बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा अन्य नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए