हालात

टीवी इंडस्ट्री से दुखद खबर! 'कुमकुम भाग्य' फेम संचिता उगले ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

टीवी अभिनेत्री संचिता उगले ने नालासोपारा स्थित घर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, मामले की जांच जारी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

टीवी और फिल्म जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। टीवी और फिल्म अभिनेत्री संचिता उगले ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। 30 वर्षीय अभिनेत्री का शव मुंबई से सटे नालासोपारा इलाके में स्थित उनके घर में मिला। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम हुई इस घटना के समय संचिता घर में अकेली थीं। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के सामने आने के बाद टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

Published: undefined

घर में अकेली थीं, बहन के बाहर जाने के बाद हुई घटना

जानकारी के अनुसार, संचिता उगले अपने माता-पिता और 15 वर्षीय छोटी बहन के साथ आचोले गांव स्थित घर में रहती थीं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे उनकी बहन अंजली किसी काम से घर से बाहर गई थी। उस समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस के अनुसार, शाम 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच संचिता ने अपने बेडरूम में साड़ी के सहारे सीलिंग फैन से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना का पता चलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल महानगरपालिका के अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Published: undefined

पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। आचोले पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष सामने आ सकेगा।

Published: undefined

टीवी और फिल्मों में बनाया था अलग मुकाम

संचिता उगले टीवी और फिल्म जगत का एक जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने फिल्म 'दिलवाली दूल्हा ले जाएगी' में सुकून का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह फिल्म 'छावा' में ताराबाई की भूमिका में भी नजर आई थीं।

टीवी दर्शकों के बीच उन्हें 'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में उनके अभिनय के लिए पहचान मिली थी। अपने अभिनय के दम पर उन्होंने मनोरंजन जगत में अलग पहचान बनाई थी। उनके अचानक निधन की खबर से उनके प्रशंसकों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined