हालात

तेजस्वी यादव का 'डबल इंजन सरकार' पर हमला, 'बिहार भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन और गरीबी में नंबर वन'

तेजस्वी यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा पलायन बिहार में होता है और सबसे ज्यादा गरीबी भी बिहार में है। यहां अपराध चरम पर है। प्रतिदिन कोई न कोई घटना अपराधियों द्वारा अंजाम दी जाती है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि 20 साल से उनकी सरकार है और राज्य भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन और गरीबी में नंबर वन है।

Published: undefined

तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बोधगया में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सबसे ज्यादा पलायन बिहार में होता है और सबसे ज्यादा गरीबी भी बिहार में है। यहां अपराध चरम पर है। प्रतिदिन कोई न कोई घटना अपराधियों द्वारा अंजाम दी जाती है।

उन्होंने कहा कि अब तो अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे लोग पुलिस का ही एनकाउंटर करने लगे हैं।

राजद नेता ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था लगभग खत्म हो चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं। स्थिति यह है कि यदि वह अपने दोनों उपमुख्यमंत्रियों का नाम भी बता दें, तो बहुत है।

Published: undefined

उन्होंने कहा कि जो अधिकारी बिहार को लूटने में लगे हुए हैं, वही लोग मुख्यमंत्री के साथ रहते हैं। ये लोग बिहार को लूटने का काम कर रहे हैं। अफसरशाही चरम पर है, जनप्रतिनिधियों की बातों को अधिकारी सुनते तक नहीं हैं।

उन्होंने एक बार फिर पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को शहीद का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि ये जवान आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद होते हैं। देश की सीमा पर रह रहे दुश्मनों से लड़ते हुए शहीद होते हैं, तो फिर इन्हें शहीद का दर्जा क्यों नहीं मिलना चाहिए?

इससे पहले जिले के गुरुआ में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 15 साल में तो गाड़ी भी खटारा हो जाती है, नीतीश कुमार की सरकार 20 वर्षों से है। खटारा गाड़ी चलाने पर गाड़ी धुआं देती है। इसी तरह 20 वर्ष में यह सरकार भी खटारा हो गई है, अब हमें यह सरकार नहीं चाहिए।

बिहार के मंत्री संतोष कुमार सुमन को भी निशाने पर लेते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें क्या समझ में आएगा, 17 महीने हमारे साथ में थे, जहां बिना पेपर लीक हुए हमने पांच लाख लोगों को नौकरी दी थी, लेकिन अब संतोष कुमार सुमन भाजपा के साथ चले गए हैं।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined