
बीजेपी-आरएसएस के समर्थकों के मन में भय, क्रोध और नफरत का जाल
यह जाल उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है
‘सच्चे हिंदू’ के तौर पर इन लोगों को इस जाल से मुक्त करना मेरा कर्तव्य
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि बीजेपी और आरएसएस के समर्थकों के मन में भय, क्रोध और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक ‘सच्चे हिंदू’ के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वह इन लोगों को इस जाल से मुक्त करें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें।
कांग्रेस नेता ने अपनी मां सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन समारोह के दौरान की गई अपनी कुछ टिप्पणियों की बीजेपी और आरएसएस के समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया में की जा रही आलोचनाओं के बाद यह बयान दिया। राहुल गांधी ने 'एक्स' पर अपनी पोस्ट के साथ भगवान शिव और माता पार्वती के उमा-महेश्वर स्वरूप को दर्शाती एक तस्वीर भी साझा की।
राहुल गांधी ने लिखा, ''भय, क्रोध और नफरत ने बीजेपी और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।'' उन्होंने कहा, ''एक सच्चे हिंदू के तौर पर मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें।'' कांग्रेस नेता ने पोस्ट के अंत में 'सत्यम शिवम सुंदरम' भी लिखा।
कांग्रेस ने भी बीजेपी-आरएसएस समर्थकों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रेम की बात सुनकर बीजेपी-आरएसएस के समर्थक बिलबिला रहे हैं, क्रोधित हैं, नफरत से भरे हुए हैं। सच्चा हिंदू तो शिव-पार्वती और लक्ष्मी-नरसिंह के उस रूप को पूजता है- जहां देवी देव की अर्धांगिनी हैं, उनकी साथी हैं, उनके समान हैं। धर्म हमें प्रेम सिखाता है, भगवान प्रेम के ध्वजवाहक हैं। प्रभु से प्रार्थना है, बीजेपी-आरएसएस के समर्थकों के मन में भी प्रेम का संचार हो, वो भी इस अद्भुत भाव को महसूस कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए