
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत।
हादसा जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ, बस में करीब 40 से 50 यात्री थे सवार।
आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे।
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना इलाके में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस इसकी चपेट में आ गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई है। बस में करीब 40 से 50 यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है।
ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा के मुताबिक, बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कुछ यात्रियों ने बस से कूदना शुरू कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया और आग में झुलसे लोगों को नजीदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज कल्पना ट्रैवल्स की बस संख्या BR32 PA8647 दिल्ली से महोबा जा रही थी। बताया गया है कि इस ट्रैवलर की ज्यादा सेवाएं उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए हैं। हालांकि, बस में आग आखिर किस वजह से लगी, इसकी सही जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मौके पर मौजूद यात्रियों से बातचीत कर घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है।
बस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों प्रति उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदना जताई है और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घायलों को उचित मेडिकल सुविधा देने को कहा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों से भी बात की और हर संभव मदद के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए