हालात

वीडियो: हरियाणा में BJP नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट ने की गुंडई, मार्केट कमेटी के सचिव को चप्पल से पीटा

बीजेपी नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट ने शुक्रवार को हरियाणा के हिसार में मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी को पहले थप्पड़ मारा, फिर चप्पल से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल वीडियो पर वायरल हो रहा है। वहीं कांग्रेस इस घटना को लेकर खट्टर सरकार को घेरा है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

हरियाणा में बीजेपी नेताओं पर सत्ता का नशा किस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है। इसकी बानगी आज हिसार में देखने को मिली। दरअसरल हरियाणा की टिकटॉक स्टार और बीजेपी नेता सोनाली फोगाट पुलिस के सामने ही मार्केट कमेटी सचिव की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। सोनाली ने सचिव पर अभद्र व्‍यवहार करने का आरोप लगाया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

खबरों के मुताबिक, सोनाली फोगाट शुक्रवार सुबह अपने समर्थकों के साथ हिसार की बालसमंद अनाज मंडी का दौरा करने पहुंची थीं। इस दौरान हिसार मार्केट कमेटी भी वहां मौजूद थे। आरोप है कि ग्रामीणों द्वारा शिकायतें बताने पर जब सोनाली फोगाट ने मार्केट कमेटी सचिव से इस पर जवाब मांगा। इसके बाद सोनाली ने सचिव पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मार्केट कमेटी सचिव किस कदर इस पिटाई के बाद रो रहा है।

वायरल हो रहा वीडियो शुक्रवार दोपहर का बताया जा रहा है। हिसार की बालसमंद अस्थाई मंडी में किसी व्‍यक्ति ने इसे बनाया है। इसमें मार्केट कमेटी के कर्मचारी से सोनाली फोगाट कह रही हैं कि आपको जितने थप्पड़ मारे जाएं, उतने कम हैं। इसके साथ ही सोनाली फोगाट कर्मचारी को थप्पड़ जड़ देती हैं। जवाब में सेक्रेटरी बैठे-बैठे गिड़गड़ाता रहता है। यहां तक कि वह रोने लगता है। फोगाट वीडियो में कहती दिख रही हैं कि आपने कैसे यह बात कही। आपके घर में मां-बहन नहीं हैं क्या। क्या सोचकर आपने यह शब्द बोले। काम की छोड़ो, एक औरत को भद्दा मजाक बोलना किसने सिखाया आपको। सोनाली फोगाट कहती हैं कि थाना इंचार्ज को बुलाओ। बता दें कि सोनाली फोगाट के टिकटॉक पर लाखों फालोवर हैं। वह एक बड़े स्‍टार के तौर पर पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर पूर्व मुख्‍यमंत्री भजनलाल के गढ़ रहे आदमपुर से उनके पुत्र कुलदीप बिश्‍नाई के खिलाफ उतरी थीं, लेकिन बुरी तरह चुनाव हार गई थीं।

वहीं इस घटना पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सीएम खट्टर से पूछा है कि क्या हरियाणा के कर्मचारी आपके नेताओं से अपमानित हो थप्पड़-चप्पल खाने के लिए हैं? क्या हरियाणा के कर्मचारी बीजेपी के नौकर हैं? क्या कर्मचारी जानवर हैं? कार्यवाही कब करेंगे? जान लें, हरियाणा की जनता आपको माफ़ नही करेगी।

(धीरेंद्र अवस्थी के इनपुट के साथ )

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 05 Jun 2020, 5:58 PM IST