
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर को हुए दर्दनाक हादसे में अबतक 6 लोगों की मौत हो गई है। अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस बीच हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि इमारत के ठीक नीचे एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी छोटी-सी दुकान लगाकर बैठे हुए थे। अचानक इमारत से मलबा और धूल नीचे गिरने लगी। खतरे का अंदाजा होते ही बुजुर्ग ने बिना समय गंवाए वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
इसके कुछ ही सेकेंड बाद पूरी इमारत देखते ही देखते ढह गई। इमारत के गिरते ही इलाके में धूल का घना गुबार छा गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। आपको बता दें, हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव अभियान लगातार जारी रहा।
AIIMS की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में मृतकों की संख्या 6 हो गई है। JPN एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, AIIMS में कुल 10 मरीज लाए गए थे। इनमें से 5 मरीजों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। वहीं, एक गंभीर रूप से घायल मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल के अनुसार, तीन मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। इनमें से एक मरीज के हाथ और पैर की सर्जरी की गई है। वहीं, एक अन्य मरीज को मामूली चोटें आई थीं और ऑब्जर्वेशन के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सत्य निकेतन में बड़ी संख्या में छात्र PG में रहकर पढ़ाई करते हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली यूनिवर्सिटी आने वाले छात्रों के लिए यह इलाका रहने का प्रमुख केंद्र है। हादसे के बाद छात्रों के परिवारों में भी चिंता का माहौल है। कई परिजन अपने बच्चों से संपर्क नहीं हो पाने के कारण परेशान हैं और लगातार उनकी सलामती की जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए