हालात

मौसम अपडेट: दिल्ली से बिहार और MP तक बदलेगा मौसम, 18 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

देश के 18 राज्यों में आज आंधी-बिजली और बारिश का अलर्ट है। 60 KM की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

  • 18 राज्यों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं।

  • उत्तराखंड और हिमाचल के कुछ इलाकों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा।

  • यूपी में भारी बारिश से राहत के आसार, बिहार-झारखंड में आंधी-बारिश का दौर।

  • दक्षिणी म्यांमार के पास बना नया निम्न दबाव, बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ने की संभावना।

देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने 28 सितंबर को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम समेत 18 राज्यों में आंधी, बिजली और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी म्यांमार के तटीय इलाकों के पास 27 सितंबर को नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तरी अंडमान सागर और म्यांमार के इरावदी डेल्टा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह म्यांमार-बांग्लादेश तट के साथ उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी की ओर जा सकता है।

उत्तराखंड और हिमाचल में बाढ़ का खतरा

उत्तराखंड में 28 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। राज्य में आंधी चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ इलाकों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का खतरा है।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, शिमला और सिरमौर जिलों में भी कुछ जगहों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब होने के साथ भूस्खलन की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में इन इलाकों में जाने या घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए मौसम अपडेट पर नजर रखना जरूरी है।

दिल्ली में हल्की बारिश, यूपी में कम होगी बारिश

दिल्ली में 28 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 29 सितंबर को आसमान साफ रहने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। इस दिन दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की गति 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद अब मौसम में राहत के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश कम होने की संभावना है और 28 सितंबर को कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बना दाब क्षेत्र कमजोर होकर आगे बढ़ रहा है। इससे पहले 27 सितंबर को पूर्वी यूपी में अत्यधिक भारी और पश्चिमी यूपी में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई थी। बारिश के कारण प्रदेश में 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

बिहार और झारखंड में आंधी-बारिश का दौर

बिहार में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हालांकि आज या आने वाले दिनों में राज्य में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।

झारखंड में 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने का भी खतरा है, लेकिन राज्य में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

मध्य प्रदेश में बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में भी आने वाले दिनों में बारिश जारी रह सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28 से 30 सितंबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। इसके अलावा IMD के अलर्ट वाले राज्यों में छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कई राज्य शामिल हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए