हालात

मौसम अपडेट: यूपी-बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 80 किमी/घंटा तक चलेंगी तेज हवाएं

मौसम विभाग ने 30 जुलाई से अगले कुछ दिनों के लिए 22 राज्यों में भारी बारिश, 40 से 80 Kmph तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

देशभर में मॉनसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। असम में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए 22 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्सों और उससे सटे ओडिशा के उत्तरी अंदरूनी क्षेत्रों में बने गहरे अवदाब का असर अब कई राज्यों में दिखाई देगा। इसकी वजह से उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मॉनसून सामान्य से अधिक सक्रिय रहेगा। IMD ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क-रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली में आंधी-तूफान का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने 29 और 30 जुलाई को येलो अलर्ट जारी किया है। 30 जुलाई को आंधी, तेज बारिश और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। 31 जुलाई से 3 अगस्त तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 30 जुलाई से प्रदेश में मॉनसून फिर सक्रिय रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 और 31 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 2 से 4 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली और बदायूं में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा।

बिहार में बारिश की चेतावनी

बिहार में 30 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि 31 जुलाई से 4 अगस्त के बीच अधिकांश जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है।

उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा पहले ही प्रभावित हो चुकी है और प्रशासन ने यात्रा पर रोक लगा रखी है। अब IMD ने 30 जुलाई से 4 अगस्त तक राज्य में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। 30 और 31 जुलाई को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी

शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति समेत अधिकांश जिलों में 30 और 31 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान तेज हवाएं, बिजली गिरने, भूस्खलन और अचानक जलभराव का खतरा भी बना रहेगा।

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट

राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 30 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश और कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी मॉनसून दोबारा सक्रिय होने का अनुमान है।

झारखंड में बारिश की चेतावनी

झारखंड में 1 से 4 अगस्त के बीच बारिश का दौर तेज हो सकता है। रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, चतरा, कोडरमा और सिमडेगा समेत अधिकांश जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 30 जुलाई से 4 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है।

इन राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, विदर्भ, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए