
रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह 16 अक्टूबर को महाराष्ट्र साइबर सेल के सामने पेश हुए। दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मामले में जांच एजेंसी उनसे पूछताछ कर रही है। इससे पहले हनी सिंह ने पूछताछ के लिए 22 अक्टूबर तक का समय मांगा था, लेकिन अधिकारियों ने उनकी मांग खारिज कर दी थी।
यह मामला जनवरी 2026 में दिल्ली में आयोजित एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महाराष्ट्र साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी शिकायत के आधार पर एजेंसी ने जांच शुरू की।
महाराष्ट्र साइबर सेल के मुताबिक, हनी सिंह को इससे पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने विदेश में होने का हवाला देते हुए पेशी के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। सितंबर में उन्हें फाइनल रिमाइंडर भी भेजा गया था और 5 अक्टूबर को मुंबई स्थित महाराष्ट्र साइबर कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।
इस मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल हनी सिंह का बयान दर्ज कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाना चाहती है। इससे पहले उनके तय तारीख पर पेश नहीं होने की स्थिति में लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किए जाने की संभावना की खबरें सामने आई थीं। अब उनके पेश होने के बाद जांच की आगे की कार्रवाई उनके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए