शख्सियत

यादों में मोहम्मद अजीजः अमिताभ बच्चन की बने आवाज, 'मर्द' से मिली पहचान, 'हम' और 'खुदा गवाह' ने किया मशहूर

उनकी गायकी का एक खास पहलू था कि वह अलग-अलग तरह के गाने गा सकते थे। फिल्म 'कर्मा' का 'ऐ सनम तेरे लिए', 'सिंदूर' का 'पतझड़ सावन बसंत बहार', 'सौदागर' का 'इमली का बूटा', 'हम' का 'कागज कलम दवात' और 'खुदा गवाह' का 'तू मुझे कबूल' उनके यादगार गानों में शामिल हैं।

मोहम्मद अजीजः अमिताभ बच्चन की बने आवाज, 'मर्द' से मिली पहचान, 'हम' और 'खुदा गवाह' ने किया मशहूर
मोहम्मद अजीजः अमिताभ बच्चन की बने आवाज, 'मर्द' से मिली पहचान, 'हम' और 'खुदा गवाह' ने किया मशहूर फोटोः IANS

हिंदी सिनेमा के मशहूर गायक मोहम्मद अजीज की आवाज में एक अलग जोश और भारीपन था। अमिताभ बच्चन के लिए गाए उनके गानों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। फिल्म 'मर्द' के गाने 'मर्द टांगेवाला' से शुरू हुआ यह जुड़ाव आगे 'खुदा गवाह', 'मृत्युदाता' और 'एक रिश्ता' जैसी फिल्मों तक पहुंचा। हालांकि, उनकी कहानी सिर्फ अमिताभ बच्चन की आवाज बनने तक सीमित नहीं थी। उन्होंने गोविंदा, ऋषि कपूर, मिथुन चक्रवर्ती, अनिल कपूर और कई दूसरे कलाकारों के लिए भी यादगार गाने गाए।

बचपन से था गाने का शौक, रफी के थे प्रशंसक

मोहम्मद अजीज का जन्म 2 जुलाई 1954 को कोलकाता में हुआ था। उनका पूरा नाम सैयद मोहम्मद अजीज-उन-नबी था। उन्हें बचपन से ही गाने का शौक था। वह मशहूर गायक मोहम्मद रफी के बड़े प्रशंसक थे और उनके गाने गाकर अपनी गायकी को बेहतर बनाते थे। वह कोलकाता के रेस्टोरेंट में गाना गाने लगे। वहां उनकी आवाज सुनने वाले लोगों ने उनकी गायकी की तारीफ की और उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया। बाद में वह मुंबई पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात संगीतकार अनु मलिक से हुई।

फिल्म मर्द के गानों से मिली बड़ी पहचान

मोहम्मद अजीज को हिंदी फिल्मों में पहचान दिलाने में फिल्म 'मर्द' की अहम भूमिका रही। साल 1985 में रिलीज हुई इस फिल्म में अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में थे और इसका संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था। फिल्म के गाने 'मर्द टांगेवाला' को मोहम्मद अजीज ने अपनी आवाज दी थी। यह गाना लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इस फिल्म के लिए उन्होंने 'हम तो तंबू में बंबू लगाए बैठे' गाना भी गाया था, जिसमें आशा भोसले ने भी उनका साथ दिया था।

अमिताभ बच्चन की कई फिल्मों में गाया गाना

अमिताभ बच्चन के साथ उनका जुड़ाव आगे भी जारी रहा। मोहम्मद अजीज की आवाज अमिताभ पर फिल्माए गए कई गानों में सुनाई दी। साल 1992 में आई फिल्म 'खुदा गवाह' में भी उन्होंने गाने गाए। इसके बाद अमिताभ की फिल्म 'मृत्युदाता' और साल 2001 में आई 'एक रिश्ता: द बॉन्ड ऑफ लव' में भी उनकी आवाज सुनाई दी। फिल्म 'एक रिश्ता' का गाना 'हम खुश हुए' उनके गाए गानों में शामिल है।

इसे भी पढ़ेंः यादों में मुनव्वर राणाः कभी पिता ने भेजा था मजदूरी करने, आगे चलकर मां पर ऐसा लिखा कि दुनिया में हो गए मशहूर

दूसरे अभिनेताओं के लिए भी गाए गाने

मोहम्मद अजीज ने दूसरे अभिनेताओं के लिए भी गाना गाया। फिल्म 'राम लखन' का गाना 'माई नेम इज लखन' अनिल कपूर पर फिल्माया गया था और इसे मोहम्मद अजीज ने गाया था। इस गाने में उनकी आवाज का जोश और अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया। वहीं गोविंदा और नीलम पर फिल्माए गए 'खुदगर्ज' के गाने 'आप के आ जाने से' में भी उनकी आवाज सुनाई दी। फिल्म 'त्रिदेव' का 'मैं तेरी मोहब्बत में पागल हो जाऊंगा' और 'चालबाज' का 'तेरा बीमार मेरा दिल' भी उनके लोकप्रिय गानों में शामिल हैं।

अलग-अलग तरह के गाने गा सकते थे

उनकी गायकी का एक और खास पहलू था कि वह अलग-अलग तरह के गाने गा सकते थे। फिल्म 'कर्मा' का 'ऐ सनम तेरे लिए', 'सिंदूर' का 'पतझड़ सावन बसंत बहार', 'सौदागर' का 'इमली का बूटा', 'हम' का 'कागज कलम दवात' और 'खुदा गवाह' का 'तू मुझे कबूल' उनके यादगार गानों में शामिल हैं। उन्होंने लता मंगेशकर, आशा भोसले और कविता कृष्णमूर्ति जैसी गायिकाओं के साथ भी कई यादगार गाने गाए।

इसे भी पढ़ेंः बर्थडे विशेषः सुबह बैंक में ड्यूटी, शाम को पेंटिंग और थिएटर, अमोल पालेकर की हीरो बनने की दिलचस्प कहानी

27 नवंबर 2018 को 64 साल की उम्र में निधन

मोहम्मद अजीज ने सिर्फ हिंदी फिल्मों तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने बंगाली और उड़िया फिल्मों के लिए भी गाने गाए। इसके अलावा भजन और सूफी गीतों को भी अपनी आवाज दी। 27 नवंबर 2018 को मोहम्मद अजीज का निधन 64 साल की उम्र में हो गया। वह कोलकाता से एक कार्यक्रम करके मुंबई लौटे थे, तभी एयरपोर्ट पर उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें नानावटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।