
अखिलेश यादव ने बागी विधायकों के बीजेपी में शामिल होने पर कसा तंज
जिस दल के लिए वर्षों इंतजार किया, वहां भी सदस्यता की पर्ची से अधिक नहीं मिला
वहां ‘प्रत्याशी’ नहीं, बल्कि ‘प्रतीक्षार्थी’ बनकर ही कई साल रहेंगे
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (एसपी) के तीन बागी विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद एसपी प्रमुख अखिलेश यादव ने उन पर तीखा तंज कसा। उन्होंने शायराना अंदाज में दलबदल करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दल के लिए उन्होंने वर्षों तक इंतजार किया, वहां भी उन्हें सदस्यता की पर्ची से अधिक कुछ नहीं मिला।
अखिलेश यादव ने संकेतों में कहा कि ऐसे नेताओं को दूसरे दल में भी राजनीतिक सम्मान और उम्मीदवारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अपने कबीले से जो दगा करता है बंदा, चलता उसके मान पर अपमान का रंदा। कार्यकर्ता बनकर उठाना पड़ता है झंडा, दूसरे इस्तेमाल कर लेते हैं उसका कंधा। सिर झुकाकर करना पड़ता काला धंधा, चुराना पड़ता उसको दान-चढ़ावा-चंदा। अब तक जो कमाया वो नाम होता गंदा।”
अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भी सदस्यता की पर्ची से अधिक कुछ नहीं मिला। जिस दल में गए हैं, उसके पुराने दावेदार कह रहे हैं कि ऐसे लोग तो आते-जाते रहते हैं। एसपी प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि जिस दल से जीते, उसके नहीं हुए तो जिस दल के सदस्य बनने में सालों लग गए, वहां ‘प्रत्याशी’ नहीं, बल्कि ‘प्रतीक्षार्थी’ बनकर ही कई साल रहेंगे।
बता दें कि बुधवार को समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गए। इनमें अमेठी की गौरीगंज सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी शामिल हैं। ये तीनों विधायक लंबे समय से पाला बदल चुकते थे। लेकिन दलबदल कानून के डर से घोषणा नहीं कर रहे थे। अब चुनाव करीब आने पर बीजेपी ने इन विधायकों को पार्टी में शामिल कराया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए