
राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने अपने साथी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में भी वह विरोधी गेंदबाज की ख्याति से भयभीत नहीं होता ।
पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी ने आईपीएल में जसप्रीत बुमराह से लेकर पैट कमिंस तक सभी की बखिया उधेड़ी है । मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड और कैगिसो रबाडा की गेंदों पर भी उन्होंने खूब रन बनाये हैं ।
बुधवार को उन्होंने कमिंस को लगातार तीन छक्के लगाये । सूर्यवंशी के 29 गेंद में 97 रन की मदद से रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई ।
जुरेल ने कहा ,‘‘ वैभव के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि वह कुछ योजना बनाकर नहीं खेलता क्योंकि वह बहुत अभ्यास करता है और उसे खुद पर भरोसा है । उसे खुद पर एक पल को भी संदेह नहीं होता कि वह ऐसा नहीं कर सकेगा ।’’
इस सत्र में छह अर्धशतक जमा चुके जुरेल ने कहा ,‘‘ जब हम अकादमी में जाते हैं तो हमसे कहा जाता है कि गेंदबाज को नहीं , गेंद को देखो । 17 बरस की उम्र में हम हमेशा गेंदबाज को देखते हैं कि यह इतना बड़ा गेंदबाज है लेकिन वैभव सिर्फ गेंद को देखता है । वह किसी गेंदबाज की परवाह नहीं करता ।’’
Published: undefined
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर समेत समूचे क्रिकेट जगत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल एलिमिनेटर में 29 गेंद में 97 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की है और तेंदुलकर ने उनके बल्ले के स्विंग को बेहतरीन बताया है।
सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक 59 छक्कों का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। उनकी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई। 15 वर्ष के सूर्यवंशी इस सत्र में 65 छक्के लगा चुके हैं ।
तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा ,‘‘ वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का स्विंग बेहतरीन है । इससे भी खास बात यह है कि अपने पैरों पर पड़ती गेंद के लिये जगह बनाते हुए वह फ्रंटफुट का कैसे खूबसूरती से इस्तेमाल करता है। इससे वह मनचाहे शॉट खेल पाता है । उसकी पारी शानदार थी।’’
विश्व कप 2011 के ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ रहे युवराज सिंह ने सूर्यवंशी को अविश्वसनीय कहा।
उन्होंने लिखा ,‘‘ बॉस बेबी ने वर्ल्ड बॉस का रिकॉर्ड तोड़ा। इस लड़के की बल्लेबाजी अविश्वसनीय है । देखने में मजा आता है।’’
पूर्व हरफनमौला सुरेश रैना ने कहा कि सूर्यवंशी जैसे क्रिकेटर सुनिश्चित करते हैं कि भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है।
Published: undefined
युवा स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्ष दुबे भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खुद की पहचान बनाना चाहते हैं और किसी अनुभवी सीनियर क्रिकेटर के ‘विकल्प’ के तौर पर नहीं पहचाने जाना चाहते।
बाएं हाथ के स्पिनरों और बाएं हाथ के बल्लेबाजों की सूची में सबसे होनहार ऑलराउंडरों में से एक विदर्भ के 23 वर्षीय क्रिकेटर दुबे को अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट और तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।
राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने संकेत दिया कि वे दुबे को भविष्य की संभावना के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को अफगानिस्तान के खिलाफ इस टेस्ट मैच के लिए सिर्फ आराम दिया गया है।
सनराइजर्स हैदराबाद के साथ आईपीएल सत्र पूरा करने के बाद नागपुर पहुंचने पर दुबे ने पीटीआई से कहा, ‘‘इस मौके ने मुझे एक खिलाड़ी के तौर पर काफी आगे बढ़ने में मदद की है। मैं किसी की जगह लेने की कोशिश नहीं कर रहा हूं। मैंने इस मौके के लिए कड़ी मेहनत की है और मेरी यही मेहनत आज मुझे यहां तक लाई है। भविष्य के बारे में बहुत अधिक सोचने की जगह मेरा पूरा ध्यान इस बात पर है कि मुझे जब भी मौका मिले तो मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं।’’
Published: undefined
इंग्लैंड एवं वेल्स में 12 जून से शुरू होने वाले महिला टी20 विश्व कप में अंपायरिंग करने के लिए आईसीसी ने 18 सदस्यीय महिला अधिकारियों की सूची जारी की है जिसमें मैच रैफरी जीएस लक्ष्मी सहित चार भारतीय अंपायर शामिल हैं।
यह लगातार तीसरा चरण होगा जिसमें अधिकारियों के पैनल में सभी महिलाएं शामिल हैं। कैन्डेस ला बोर्ड, गायत्री वेणुगोपालन, केरिन क्लास्टे और शथीरा जाकिर जेसी पहली बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
अंपायरों की सूची में दो अन्य भारतीय वृंदा राठी और जननी एन हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए मैच अधिकारियों का यह पैनल खेल के सभी पहलुओं में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की आईसीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ’’
उन्होंने आगे कहा कि आईसीसी अपने खेल अधिकारियों और उनके निर्णय-निर्धारण प्रदर्शन का आकलन एक व्यापक, समग्र और साक्ष्य-आधारित तरीके से करता है।
इस विश्व कप में 33 मैच के दौरान 14 अंपायर और चार मैच रैफरी काम करेंगे जिनमें 2024 चरण के दल के नौ सदस्य भी शामिल हैं।
Published: undefined
एशियन गेम्स 2026 में चयन के लिए होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए पहलवान विनेश फोगाट को इजाजत देने वाले दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। रेसलिंग फेडरेशन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई होगी।
मामले की सुनवाई जस्टिस पी एस नरसिम्हा और आलोक अराधे की बेंच करेगी।
22 मई को दिल्ली हाईकोर्ट ने एशियन गेम्स के आने वाले ट्रायल में फोगट के हिस्सा लेने को मंजूरी देते हुए कहा था कि डब्ल्यूएफआई की चयन नीति में उनके जैसी आइकॉनिक खिलाड़ी पर विचार करने का अधिकार नहीं है, जो मातृत्व अवकाश से लौट रही हैं।
हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि 30-31 मई को होने वाले चयन ट्रायल की वीडियो रिकॉर्डिंग डब्ल्यूएफआई करेगी और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) का एक-एक इंडिपेंडेंट ऑब्जर्वर भी मौजूद रहेगा।
हाईकोर्ट ने विनेश फोगाट को नोटिस भेजने के लिए भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) को भी कड़ी फटकार लगाई थी। दरअसल डब्ल्यूएफआई ने विनेश को नोटिस भेजकर कहा था कि पेरिस ओलंपिक में वजन ज्यादा होने के कारण उनका बाहर होना देश के लिए शर्म का विषय था।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined