खेल

खेल: विनेश फोगाट मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने WFI से मांगा जवाब और PCB के फैसले पर उठ रहे गंभीर सवाल

याचिका में विनेश फोगाट ने अपने खिलाफ जारी 'शो-कॉज नोटिस' और अनुशासनात्मक कार्रवाई को चुनौती दी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के इंग्लैंड में चल रही टेस्ट सीरीज के बीच में टीम में बड़े बदलाव के फैसले की पूर्व खिलाड़ियों ने कड़ी आलोचना की है।

विनेश फोगाट मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने WFI से मांगा जवाब
विनेश फोगाट मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने WFI से मांगा जवाब फोटोः सोशल मीडिया

विनेश फोगाट मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने डब्ल्यूएफआई से मांगा जवाब, 29 सितंबर को होगी अगली सुनवाई

पहलवान विनेश फोगाट की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) से जवाब मांगा है। याचिका में फोगाट ने अपने खिलाफ जारी 'शो-कॉज नोटिस' और अनुशासनात्मक कार्रवाई को चुनौती दी। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने कहा कि वह इस मामले में कोई औपचारिक नोटिस जारी नहीं कर रही हैं।

हाईकोर्ट ने डब्ल्यूएफआई के वकील से 29 सितंबर तक निर्देश प्राप्त करने को कहा है। 29 सितंबर को मामले की अगली सुनवाई होगी। फोगाट का कहना है कि 9 मई और 17 जून को उन्हें दो नोटिस जारी किए गए। यह डब्ल्यूएफआई की मनमानी और दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई के सिलसिले का हिस्सा है। इसके माध्यम से मातृत्व अवकाश के बाद प्रतिस्पर्धी कुश्ती में उनकी वापसी में बाधा डाली गई है। 

दिल्ली हाईकोर्ट ने फोगाट की एक अन्य याचिका पर भी सुनवाई की, जिसमें उन्होंने डब्ल्यूएफआई को निर्देश देने की मांग की थी कि वह गर्भावस्था के बाद महिला एथलीटों की प्रतिस्पर्धी खेलों में वापसी को नियंत्रित करने के लिए निष्पक्ष, संरचित और पारदर्शी दिशानिर्देश लागू करे।

दलीप ट्रॉफी: वैभव, अभिमन्यु के साथ चमके मुकेश, 'सेंट्रल' को 4 विकेट से हराकर फाइनल में 'ईस्ट जोन'

ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के 'सेमीफाइनल-1' में सेंट्रल जोन के खिलाफ मुकाबले के तीसरे दिन 4 विकेट से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। कुल 7 विकेट हासिल करने वाले मुकेश कुमार को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। अब फाइनल मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 6 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें ईस्ट जोन की भिड़ंत सेमीफाइनल-2 (नॉर्थ जोन बनाम साउथ जोन) की विजेता टीम से होगी।

 टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल जोन ने पहली पारी में 266 रन बनाए। इस पारी में रिंकू सिंह ने सर्वाधिक 60 रन जड़े, जबकि आर्यन जुयाल ने 46 रन टीम के खाते में जोड़े। इनके अलावा, यश ठाकुर ने नाबाद 30 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से मुकेश कुमार (56/3) और अभिजीत सरकार ने 3-3 विकेट निकाले, जबकि मोहम्मद शमी और कौनेन कुरैशी ने 2-2 विकेट चटकाए।

 इसके जवाब में ईस्ट जोन भी अपनी पहली पारी में 266 रन ही बना सकी। सलामी जोड़ी के रूप में वैभव सूर्यवंशी ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 153 गेंदों में 162 रन की साझेदारी की। वैभव 81 गेंदों में 7 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 92 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिमन्यु ने 8 चौकों के साथ 69 रन की पारी खेली। इनके अलावा सुदीप कुमार ने 25 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से हर्ष दुबे ने 4 विकेट झटके। आर्यन पांडे और यश ठाकुर को 3-3 विकेट हाथ लगे।

 सेंट्रल जोन की दूसरी पारी 158 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 97 के स्कोर तक 8 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद अरशद खान ने हर्ष दुबे के साथ 9वें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शर्मनाक स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश की। हर्ष 3 चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अरशद (25) ने यश ठाकुर (नाबाद 4) के साथ 18 रन जोड़े। इस पारी में मुकेश कुमार ने 44 रन देकर 4 विकेट निकाले। इनके अलावा, मोहम्मद शमी ने 3 शिकार किए। अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और कौनेन कुरैशी ने 1-1 विकेट झटका।

 आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट जोन ने 39.3 ओवरों में जीत हासिल की। सूर्यवंशी ने ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 85 गेंदों में 61 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

मार्श और हेड की ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में वापसी, लाबुशेन बाहर

मिशेल मार्श और उनके साथी सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड को इस महीने के आखिर में जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की 17 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है जबकि शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को बाहर कर दिया गया है।

मार्श और हेड इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान और बांग्लादेश में वनडे सीरीज में नहीं खेल पाए थे।

ऑस्ट्रेलिया के लिए 15 सितंबर से शुरू होने वाला यह दौरा काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में वनडे विश्व कप खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया ने किसी को कप्तान नियुक्त किए बिना ही टीम की घोषणा की है। जिम्बाब्वे में तीन मैचों की वनडे सीरीज में मार्श का टीम की कप्तानी करना तय है, जिसके बाद नियमित वनडे और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस दक्षिण अफ्रीका में कमान संभालेंगे। उनके साथी तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क को भी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम में चुना गया है।

क्रिकेट डॉट कॉम एयू के अनुसार, कमिंस ने यह भी संकेत दिया है कि वह दक्षिण अफ्रीका में होने वाले तीनों वनडे मैचों में नहीं खेल पाएंगे, जिसका मतलब है कि मार्श को एक बार फिर उनकी जगह कप्तानी संभालनी पड़ सकती है।

युवा खिलाड़ी जोएल डेविस और ओली पीक ने पाकिस्तान और बांग्लादेश में अच्छे प्रदर्शन के बाद टीम में अपनी जगह बनाए रखी है।

पीसीबी का इंग्लैंड से सात खिलाड़ियों को वापस भेजना हास्यास्पद फैसला: आर्थर

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के इंग्लैंड में चल रही टेस्ट सीरीज के बीच में दो कोच को बर्खास्त करने और सात खिलाड़ियों को वापस स्वदेश भेजने के फैसले की पूर्व खिलाड़ियों ने कड़ी आलोचना की है।

पाकिस्तान को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। उसे पहले मैच में पारी और 103 रन से जबकि दूसरे मैच में 194 रन से हार झेलनी पड़ी।

जिन खिलाड़ियों को वापस घर भेजा गया उनमें टी20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा, पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान और बल्लेबाज इमामुल हक भी शामिल हैं।

बर्मिंघम में नौ सितंबर से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए युवा और अनुभवहीन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी हटा दिया गया है।

पाकिस्तान के पूर्व विदेशी मुख्य कोच मिकी आर्थर ने इस फैसले को हास्यास्पद बताया।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने कहा कि वह इस फैसले से हैरान हैं और उन्हें घर वापस भेजे गए खिलाड़ियों और यहां तक ​​कि इंग्लैंड भेजे गए खिलाड़ियों के लिए भी दुख है।

पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि बोर्ड के इस फैसले के विरोध में बाबर आजम को कप्तानी से इस्तीफा दे देना चाहिए था।

पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी और शोएब मलिक ने भी पीसीबी के फैसले और कामकाज की आलोचना की।

रणजी में लाड संभालेंगे मुंबई की कप्तानी; सीमित ओवरों में अय्यर या सूर्यकुमार को मिल सकती है कमान

मध्यक्रम के अनुभवी बल्लेबाज सिद्धेश लाड को आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र के लिए शार्दुल ठाकुर की जगह मुंबई का कप्तान नियुक्त किया गया है जबकि सीमित ओवरों के घरेलू टूर्नामेंटों में श्रेयस अय्यर या सूर्यकुमार यादव में से किसी एक को टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है। यह फैसला दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।

ठाकुर को कार्यभार प्रबंधन के तहत कप्तानी से हटाया गया है। उनकी कप्तानी में 42 बार की रणजी ट्रॉफी विजेता मुंबई की टीम क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक से हार कर बाहर हो गई थी।

मुंबई टीम प्रबंधन का लक्ष्य ठाकुर को लाल गेंद वाली टीम के प्रमुख गेंदबाज के रूप में अधिकतम प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करना है। ठाकुर ने अतीत में मुश्किल परिस्थितियों में बल्ले से भी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुंबई लगातार दूसरे सत्र में नए कप्तान की अगुवाई में रणजी ट्रॉफी में उतरेगी। 2025-26 सत्र से पहले ठाकुर ने अजिंक्य रहाणे की जगह टीम की कमान संभाली थी।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए