
विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा विश्व कप में कमाई करने का कोई मौका नहीं गंवा रही है और अब उसने उस पिच के टुकड़ों को बेचने का फैसला भी किया है जहां इस टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा।
फीफा पहले ही विश्व कप के टिकट और अन्य चीजों को ऊंची कीमतों पर बेचने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है और अब वह न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में 19 जुलाई को होने वाले फाइनल में इस्तेमाल होने वाली पिच के प्रत्येक टुकड़े को 450 डॉलर (लगभग 43000 रुपये) की दर से बेच रहा है।
फीफा के स्टोर के अनुसार प्रत्येक टुकड़े का आकार 17.5 गुणा 17.5 गुणा 17.5 है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह आंकड़ा इंच, सेंटीमीटर या मिलीमीटर में है। फुटबॉल के शासी निकाय ने यह जानने के लिए भेजे गए ईमेल का तुरंत जवाब नहीं दिया।
फीफा की वेबसाइट पर लिखा है, "2026 फीफा विश्व कप फाइनल की पिच का एक असली हिस्सा अपने पास सुरक्षित रखें। इसे प्रीमियम ऐक्रेलिक केस में स्थायी रूप से संरक्षित किया गया है और इसके साथ एक यूएसबी स्मृति-चिह्न भी दिया जाएगा। प्रत्येक टुकड़े में फाइनल मैच की मूल पिच का वास्तविक हिस्सा शामिल है, जो इसे दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक की अनूठी यादगार बनाता है।"
फीफा ने यह भी कहा कि ऐक्रेलिक यूएसबी में प्रामाणिकता (ऑथेंटिसिटी) की विशेष फिल्म लगी होगी, जिससे इसकी वास्तविकता प्रमाणित होगी। इसे आकर्षक स्पॉट-यूवी डिटेलिंग वाले प्रीमियम हिंग्ड बॉक्स में पैक किया जाएगा। फीफा के अनुसार, यह खास कलेक्टरों, फुटबॉल प्रशंसकों और खेल प्रेमियों के लिए तैयार किया गया है।
हालांकि, पिच के ये टुकड़े सिर्फ अमेरिका और यूरोप के पते पर ही भेजे जाएंगे। फीफा ने स्पष्ट किया है कि सभी ऑर्डर विश्व कप 2026 के फाइनल के बाद ही भेजे जाएंगे।
फीफा फाइनल के लिए सामान्य टिकट 32,970 डॉलर तक में बेच रहा है। उन टिकटों की कीमत 34,500 डॉलर रखी गई है, जिनके साथ भोजन और पेय पदार्थों की सुविधा भी उपलब्ध है।
PTI के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए