
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को 'आईसीसी हॉल ऑफ फेम' में शामिल किया गया है। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नामों ने उन्हें बधाई दी। गांगुली प्रतिष्ठित 'आईसीसी हॉल ऑफ फेम' में शामिल होने वाले 12वें भारतीय क्रिकेटर हैं।
गांगुली को यह सम्मान उनके 54वें जन्मदिन के मौके पर मिला, जिससे पूर्व कप्तान के शानदार क्रिकेट सफर में एक और यादगार अध्याय जुड़ गया है।
2000 के दशक की शुरुआत में गांगुली की टीम का हिस्सा रहे पूर्व क्रिकेट युवराज सिंह ने लिखा, "आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर बधाई हो दादा। आप इसके पूरी तरह हकदार हैं। आपने सिर्फ एक टीम ही नहीं बनाई, बल्कि क्रिकेटर्स की एक पीढ़ी में भरोसा भी जगाया। आपकी कप्तानी में खेलने और जीवन भर स्मरण रहने वाली यादें बनाने के लिए मैं आभारी हूं। एक बार फिर बधाई।"
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी अपने ओपनिंग पार्टनर को बधाई देते हुए लिखा, "जब हम 14 साल के थे, तब से एक-दूसरे को जानते हैं, इसलिए अब ज्यादा हैरानी वाली बातें नहीं बची हैं। यह भी उनमें से एक नहीं थी। बधाई हो सौरव गांगुली। आपको आईसीसी हॉल ऑफ फेम में देखकर बहुत खुशी हुई।"
गांगुली से पहले 'आईसीसी हॉल ऑफ फेम' में शामिल किए गए भारतीयों में बिशन सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, कपिल देव, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीनू मांकड़, डायना एडुल्जी, वीरेंद्र सहवाग, नीतू डेविड और एमएस धोनी शामिल हैं।
प्रभसिमरन सिंह उस समय जिम में थे जब उन्हें इस महीने के आखिर में होने वाले जिम्बॉब्वे दौरे के लिये भारतीय टी20 टीम में अपने चयन के बारे में पता चला ।
पटियाला के 25 वर्ष के प्रभसिमरन ने पीटीआई को बताया कि वह जिम सत्र अधूरा छोड़कर घर भागे ताकि अपने परिवार के साथ खुशी साझा कर सकें ।
प्रभसिमरन ने पीटीआई से कहा ,‘‘ आप जब जीवन में लक्ष्य को हासिल करते हैं तो अच्छा लगता ही है । एशियाई खेलों का अनुभव अच्छा था लेकिन मुझे खेलने का मौका नहीं मिला था । मैं इसलिये यह नहीं बता सकता कि भारत के लिये पदार्पण करने पर कैसा लगता है ।’’
पंजाब के अपने साथी खिलाड़ियों के साथ आयुवर्ग टूर्नामेंट खेल चुके प्रभसिमरन और अभिषेक शर्मा दोनों के मार्गदर्शक विश्व कप विजेता हरफनमौला युवराज सिंह रहे हैं ।
प्रभसिमरन ने कहा ,‘‘ आईपीएल के बाद से युवी पाजी के साथ कोई सत्र नहीं हुआ लेकिन भारतीय टीम में चुने जाने के बाद मैने उन्हें फोन किया था । लंबी बात हुई । उन्होंने अपने अनुभव बताये । वह हमेशा कहते हैं कि गेंदबाज से एक कदम आगे निकलना है ।’’
पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के योगदान के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ दोनों अलग अलग शख्सियत हैं लेकिन सोच एक सी है । रिकी सर ने मेरी सफलता में काफी योगदान दिया । उन्होंने 2024 में मुझे बताया था कि मुझे टीम में बरकरार रखा जायेगा । उन्होंने मुझसे कहा था कि वह मुझे बेहतर खिलाड़ी बनायेंगे और उन्होंने बनाया । मैं युवी पाजी और रिकी सर दोनों का शुक्रगुजार हूं ।’’
फॉक्स नेटवर्क के अनुसार विश्व कप के राउंड 16 में इंग्लैंड और मैक्सिको के बीच मुकाबला अमेरिकी टीम के बिना खेला गया ऐसा विश्व कप मैच बन गया है, जिसे अमेरिका में अंग्रेजी प्रसारण के माध्यम से सबसे अधिक दर्शकों ने देखा।
नेटवर्क ने बुधवार को बताया कि रविवार रात मैक्सिको सिटी में औसतन 2.17 करोड़ (21.7 मिलियन) से अधिक दर्शकों ने प्रसारण देखा। इसने 2022 में अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच खेले गए फाइनल का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया जिसे 1.67 करोड़ (16.7 मिलियन) दर्शकों ने देखा था।
फॉक्स ने बताया कि रात सवा दस बजे से साढ़े दस बजे के बीच दर्शकों की संख्या 2.57 करोड़ (25.7 मिलियन) से अधिक पहुंच गई। इसके बावजूद अगले दिन खेला गया अमेरिका-बेल्जियम मुकाबला अब भी तीन करोड़ (30 मिलियन) दर्शकों के साथ सबसे अधिक देखा गया विश्व कप मैच बना हुआ है।
जस्टिन बीबर, मैडोना, शकीरा और बीटीएस जैसे स्टार विश्व कप के हाफटाइम शो में प्रस्तुति देंगे । फीफा ने इसकी घोषणा की है ।
कोल्डप्ले के क्रिस मार्टिन द्वारा तैयार किया गया 11 मिनट का हाफटाइम कार्यक्रम 19 जुलाई को फाइनल मुकाबले के दौरान न्यूयार्क में आयोजित किया जाएगा। यह शो ‘फीफा ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन फंड’ को समर्थन देगा, जो बच्चों को शिक्षा और फुटबॉल तक पहुंच दिलाने के लिए 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटा रहा है।
बीबर ने एक बयान में कहा, "फीफा विश्व कप जिस तरह पूरी दुनिया को एक साथ जोड़ता है, वैसा कोई और आयोजन नहीं कर सकता। मैं इस हाफटाइम शो का हिस्सा बनकर आभारी हूं और यह जानकर और भी ज्यादा खुशी हो रही है कि इससे पहले से ही दुनिया भर के बच्चों को शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने में मदद मिल रही है।"
फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर-फाइनल में फ्रांस जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मुकाबले से पहले मोरक्को को बड़ा झटका लगा है। उनके मुख्य फॉरवर्ड इस्माइल सैबारी चोट के कारण इस अहम मैच से बाहर हो गए हैं।
मोरक्को के हेड कोच मोहम्मद ओआबी ने गुरुवार को मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैबारी के बाहर होने की पुष्टि की। ओआबी के अनुसार, कनाडा के खिलाफ राउंड ऑफ 16 की जीत के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लगने के बाद यह फॉरवर्ड समय पर ठीक नहीं हो सका। हालांकि, कोच को उम्मीद है कि अगर उनकी टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है, तो 25 वर्षीय खिलाड़ी फिट हो जाएगा।
मैच से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ओआबी ने कहा, "वह तैयार नहीं हैं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि यह उनके लिए टूर्नामेंट का अंत नहीं है।"
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए