खेल

खेल: गौतम गंभीर ने तीन टेस्ट की श्रृंखला की वकालत की और जुबिन भरूचा मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन निदेशक नियुक्त

गौतम गंभीर ने कहा, “आदर्श रूप से मैं तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला चाहूंगा।" मुंबई इंडियंस ने शनिवार को जुबिन भरूचा को अपनी फ्रेंचाइजी का प्रदर्शन निदेशक नियुक्त किया है।

टीम इंडिया के हेड कोट गौतम गंभीर
टीम इंडिया के हेड कोट गौतम गंभीर 

गंभीर ने तीन टेस्ट की श्रृंखला की वकालत की

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने शनिवार को तीन मैचों की टेस्ट श्रृखला की पैरवी करते हुए कहा कि दो मैचों की सीरीज में पहला मुकाबला हारने वाली टीम पर अनावश्यक दबाव पड़ता है और उसके पास वापसी का पर्याप्त अवसर नहीं रहता।

भारत और श्रीलंका के बीच इस समय दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जा रही है। शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम गॉल में पहला टेस्ट 165 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे है।

मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में गंभीर ने कहा, “आदर्श रूप से मैं तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला चाहूंगा। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि जो टीम पहला टेस्ट हारती है, उसके पास वापसी करके श्रृंखला जीतने का मौका होना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “दो टेस्ट की सीरीज में अगर आप पहला मैच हार जाते हैं तो दूसरी टीम के पास वापसी करके सीरीज जीतने का कोई मौका नहीं रहता। अधिकतम आप श्रृंखला ड्रॉ कराने की कोशिश कर सकते हैं।”

जुबिन भरूचा मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन निदेशक नियुक्त

मुंबई इंडियंस ने शनिवार को जुबिन भरूचा को अपनी फ्रेंचाइजी का प्रदर्शन निदेशक नियुक्त किया जो फ्रेंचाइजी के पूरे तंत्र में नेतृत्व टीम के साथ मिलकर काम करेंगे।

मुंबई और सरे के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके भरूचा अब पांच बार की आईपीएल विजेता टीम मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं। इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स के साथ उनका लंबा कार्यकाल समाप्त हो गया जिसमें उन्होंने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।

मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा, ‘‘जुबिन भरूचा प्रदर्शन निदेशक के तौर पर मुंबई इंडियंस से जुड़ रहे हैं और फ्रेंचाइजी के पूरे तंत्र में प्रदर्शन से जुड़े सभी क्षेत्र में नेतृत्व समूह के साथ मिलकर काम करेंगे। ’’

बयान में कहा गया, ‘‘जुबिन मुंबई इंडियंस के मौजूदा सहयोगी स्टाफ के साथ जुड़ेंगे और खिलाड़ी विकास में निरंतर उत्कृष्टता हासिल करने के मुंबई इंडियंस के स्थापित दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएंगे। ’’

पहले दिन विकटों के पतझड़ में स्टार्क और इस्लाम ने दिखाया जलवा

मिचेल स्टार्क ने मैच की पहली ही गेंद पर बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम को आउट किया और फिर छह विकेट लिए जिससे आस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन शनिवार को यहां विकेटों के पतझड़ के बीच अपना पलड़ा भारी रखा।

बाद में शोरिफुल इस्लाम ने भी अपना जलवा दिखाया तथा छह विकेट लेकर स्टार्क की बराबरी की। पहले दिन कुल 18 विकेट गिरे।

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले टेस्ट मैच में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले बांग्लादेश को केवल 64 रन पर ढेर कर दिया।

इसके बाद भी बल्लेबाजी करनी आसान नहीं रही क्योंकि आस्ट्रेलिया ने दिन का खेल समाप्त होने के समय 165 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे। इस तरह से उसने पहली पारी में बांग्लादेश पर 101 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

शोरिफुल इस्लाम ने अभी तक 35 रन देकर छह विकेट लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने के समय कैमरन ग्रीन 51 और नाथन लियोन 10 रन पर खेल रहे थे।

इससे पहले स्टार्क ने 10 ओवर में 12 रन देकर छह विकेट लिए। उन्हें मैच की पहली गेंद पर ही सफलता मिली जब उनकी गेंद शादमान इस्लाम के बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर गली में कैच में बदल गई। स्टार्क ने रिकॉर्ड चौथी बार मैच की पहली गेंद पर विकेट लिया। स्टार्क ने इसके बाद तंजीद हसन और कप्तान नजमुल हुसैन शंटो को आउट करके बांग्लादेश को मुश्किल में डाल दिया।

टी20 भविष्य है, लेकिन टेस्ट और वनडे प्रारूपों को बनाए रखना जरूरी: चमिंडा वास

श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास ने टी20 के बढ़ते चलन और फ्रेंचाइजी आधारित लीग के बढ़ते प्रभाव के बीच टेस्ट और वनडे प्रारूपों को जीवित रखने के लिए संबंधित लोगों से उचित कदम उठाने का आग्रह किया।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सीईओ संजोग गुप्ता ने हाल ही में टिप्पणी की थी कि ‘‘प्रतिस्पर्धा के अभाव वाली द्विपक्षीय श्रृंखलाओं का युग समाप्त होना चाहिए।’’

इस बयान ने एकदिवसीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

वास ने पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि भविष्य में अधिकतर देश टी20 खेलना चाहेंगे। टी20 ही भविष्य का खेल है। लेकिन सभी बोर्डों को यह समझना चाहिए कि टेस्ट क्रिकेट और वनडे क्रिकेट ही इस खेल का चरम हैं और उन्हें इन दोनों प्रारूपों को बनाए रखने के लिए कदम उठाने चाहिए।’’

वनडे में 400 और टेस्ट क्रिकेट में 355 टेस्ट विकेट लेने वाले वास ने सभी क्रिकेट बोर्डों से इन दोनों पारंपरिक प्रारूपों को पुनर्जीवित करने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें 50 ओवर की क्रिकेट को जीवित रखने के लिए किसी न किसी तरह की व्यवस्था करनी होगी। मुझे यकीन है कि इससे कई युवा क्रिकेटर टेस्ट क्रिकेट या 50 ओवर के प्रारूप में खेलने के लिए प्रेरित होंगे।’’

दक्षिण अफ्रीका में पूर्व विश्व चैंपियन मुक्केबाज ज़ोलानी टेटे की हत्या

पूर्व विश्व चैंपियन मुक्केबाज ज़ोलानी टेटे की दक्षिण अफ्रीका में स्थित उनके आवास के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई।

दक्षिण अफ्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री गेयटन मैकेंजी ने कहा कि 38 वर्षीय टेटे की उनकी कार में ही हत्या कर दी गई। उनके साथ वाहन में मौजूद 27 वर्षीय महिला को कई गोलियां लगीं और वह अस्पताल में भर्ती है।

टेटे ने 2007-2008 में डब्ल्यूबीएफ फ्लाईवेट श्रेणी में और 2017 और 2019 में डब्ल्यूबीओ बैंटमवेट श्रेणी में विश्व मुक्केबाजी खिताब जीते थे।

पुलिस ने बताया कि यह घटना तब घटी जब टेटे पूर्वी केप के मडांटसेन में अपने आवास पर गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे। उसी समय दो नकाबपोश व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया।

पीटीआई के इनपुट के साथ