
अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 का आयोजन 21 जनवरी से 6 फरवरी तक होगा।
भारत को आयरलैंड, वेस्टइंडीज और मेजबान नेपाल के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।
पाकिस्तान ग्रुप बी में है, जबकि टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 22 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 का शेड्यूल घोषित कर दिया है। बांग्लादेश और नेपाल में 21 जनवरी से 6 फरवरी तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है। डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम 22 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 16 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप स्टेज 26 जनवरी तक चलेगा। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी, जहां टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक सुपर सिक्स ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
ग्रुप ए में भारत, आयरलैंड, वेस्टइंडीज और मेजबान नेपाल हैं। ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और समोआ को रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ग्रुप सी में हैं, जबकि इंग्लैंड, श्रीलंका, अमेरिका और स्कॉटलैंड ग्रुप डी का हिस्सा हैं।
डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम 22 जनवरी को काठमांडू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। इसी दिन मेजबान नेपाल का सामना आयरलैंड से होगा। इस तरह ग्रुप ए की सभी चार टीमों के अभियान की शुरुआत पहले ही दिन हो जाएगी।
टूर्नामेंट का पहला दिन 21 जनवरी होगा, जब बांग्लादेश और नेपाल में चार मैच खेले जाएंगे। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान बांग्लादेश का सामना यूएई से होगा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम नाइजीरिया से भिड़ेगी। काठमांडू में श्रीलंका और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला होगा, जबकि इंग्लैंड की टीम अमेरिका के खिलाफ उतरेगी।
टूर्नामेंट के 41 मैच बांग्लादेश के चटगांव और सिलहट तथा नेपाल की राजधानी काठमांडू के चार मैदानों पर खेले जाएंगे। इनमें चटगांव का बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम, सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, त्रिभुवन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और अपर मुलपानी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड शामिल हैं।
सेमीफाइनल मुकाबले 4 फरवरी को बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। 5 फरवरी को रिजर्व डे रखा गया है। फाइनल 6 फरवरी को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि इसके लिए 7 फरवरी रिजर्व डे होगा।
आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा कि अंडर-19 विश्व कप युवा क्रिकेटरों को खेल के उच्चतम स्तर पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच देता है। उनके मुताबिक, 16 टीमों की युवा खिलाड़ी अपने देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए दुनिया का ध्यान आकर्षित करेंगी और क्रिकेट खेलने वाली अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।
उन्होंने सह-मेजबान के तौर पर बांग्लादेश और नेपाल के चयन को क्रिकेट के भविष्य में आईसीसी के निवेश से भी जोड़ा। संजोग गुप्ता ने कहा कि दोनों देशों में क्रिकेट के प्रति गहरा जुनून है और उनकी लगभग 40 प्रतिशत आबादी 20 साल से कम उम्र की है, जो उन्हें युवा खिलाड़ियों के इस बड़े टूर्नामेंट के लिए उपयुक्त मेजबान बनाती है।
टूर्नामेंट में सुबह के मुकाबले स्थानीय समय के अनुसार सुबह 9:30 बजे और दोपहर के मैच 1:30 बजे शुरू होंगे। मैच-दर-मैच जानकारी आईसीसी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर उपलब्ध होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए