खेल

खेल: मुंबई इंडियंस ने मलिंगा, म्हाम्ब्रे और होपकिंसन को हटाया और कुलदीप यादव को चौथे टी20 में मिल सकता है मौका

पांच बार की आईपीएल चैम्पियन टीम ने अगले सत्र से पहले पूरे कोचिंग स्टाफ में बदलाव कर दिया है। श्रृंखला जीतने के बाद भारतीय टीम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को चौथे टी20 मैच में कुलदीप यादव और वरूण चक्रवर्ती को मौका दे सकती है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

मुंबई इंडियंस ने मलिंगा, म्हाम्ब्रे और होपकिंसन को हटाया

 मुंबई इंडियंस ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा , पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच कार्ल होपकिंसन अब टीम का हिस्सा नहीं हैं ।

पांच बार की आईपीएल चैम्पियन टीम ने अगले सत्र से पहले पूरे कोचिंग स्टाफ में बदलाव कर दिया है । मुख्य कोच महेला जयवर्धने की जगह कीरोन पोलार्ड ने ली है ।

मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा ,‘‘ मुंबई इंडियंस यह घोषणा करती है कि लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्बे और कार्ल होपकिंसन अब पुरूष टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा नहीं हैं । टीम के लिये उनके योगदान, सेवा और प्रतिबद्धता के लिये हम उन सभी को धन्यवाद देते हैं ।’’

श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज मलिंगा लंबे समय से मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे हैं । पहले खिलाड़ी के तौर पर और फिर कोच के रूप में ।

श्रृंखला जीतने के बाद कुलदीप यादव को चौथे टी20 में मिल सकता है मौका

श्रृंखला जीतने के बाद भारतीय टीम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को चौथे टी20 मैच में कुलदीप यादव और वरूण चक्रवर्ती को मौका दे सकती है।

दोनों स्पिनरों को पिछले कुछ महीनों में उतने मौके नहीं मिले हैं क्योंकि टीम प्रबंधन आठवें नंबर तक बल्लेबाजों को चुनने की रणनीति पर जोर देता आया है । अब तक यह रणनीति कारगर भी रही है जिसके दम पर भारत ने तीनों मैच जीते ।

अगले दो मैचों में अब उतना दबाव नहीं है तो भारत अपने टीम संयोजन में प्रयोग कर सकता है।

वरूण का फॉर्म पिछले छह महीने में अच्छा नहीं रहा है लेकिन कुलदीप ने बीच के ओवरों में विकेट चटकाये हैं । उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में दो मैचों में मौका मिला लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन मैचों में बेंच पर ही रहे ।

कुलदीप को और बाहर रखने से उनके आत्मविश्वास पर असर हो सकता है लेकिन उन्हें टीम में लाने के लिये निचले क्रम तक बल्लेबाजी की मानसिकता से पार पाना होगा ।

तीसरे टी20 में दो स्पिनर हरफनमौला अक्षर पटेल और नमन धीर थे जिन्हें गेंदबाजी का भी मौका नहीं मिला । अब तक 115 मैचों में 7 . 70 की इकॉनॉमी से गेंदबाजी करने वाले अक्षर श्रृंखला में 9 . 58 रन प्रति ओवर की दर से रन दे चुके हैं और उन्हें दो ही विकेट मिले हैं ।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे से पहले गिल ने किया नेट अभ्यास

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार नवंबर से ईडन पार्क पर शुरू हो रही पांच मैचों की वनडे श्रृंखला से पहले यहां नेट अभ्यास किया ।

गिल ने अभ्यास सत्र के दौरान फिटनेस पर नजर रहने वाला यंत्र ‘टेम्पल’ अपने माथे पर पहना हुआ था । विकेटकीपर बल्लेबाज के एल राहुज और तेज गेंदबाज गुरनूर बरार भी भारतीय टीम से जुड़ गए हैं ।

वनडे श्रृंखला में भारत के सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा भी नजर आयेंगे ।

गिल अपने करीबी दोस्त और टी20 में भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से बात करते नजर आये । अभिषेक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में 38 गेंद में 113 रन बनाये थे । भारत पांच मैचों की श्रृंखला में 3 . 0 से आगे है ।

ग्रोइन की चोट से उबर चुके ईशान किशन और राहुल ने बल्लेबाजी का अभ्यास किया । भारतीय कप्तान ने बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक से भी बात की ।

वनडे श्रृंखला के बाद 19 नवंबर से दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भी गिल कप्तान होंगे ।

अब मैं पहली गेंद से ही चौके छक्के लगाने के बारे में सोचता हूं : तिलक वर्मा

 भारतीय उपकप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि बल्लेबाजी क्रम में तीसरे से पांचवें नंबर पर खिसकने के बाद उनकी सोच में बदलाव आया है और अब वह क्रीज पर जमने पर फोकस करने की बजाय पहली ही गेंद से चौके छक्के लगाने की कोशिश करते हैं ।

पिछले एक साल में लक्ष्य का पीछा करने में महारत हासिल करने वाले तिलक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में नीतिश रेड्डी के साथ भारत को संकट से निकाला । भारत पांच मैचों की श्रृंखला में 3 . 0 से आगे है ।

चौथे टी20 से पहले तिलक ने कहा ,‘‘ मेरे पास पहले ही से पावर गेम था । मैने तीसरे नंबर पर भी रन बनाये हैं । अब पांचवें या छठे नंबर पर पहली ही गेंद से चौके छक्के लगाने की सोचता हूं ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘पहले मैं क्रीज पर जमने में समय लेता था और शुरूआत एक दो रन लेकर करता था ।’’

उन्होंने कहा कि वह गेंदबाजों के दिमाग को पढने की कोशिश करते हैं जिन पर बल्लेबाजों से ज्यादा दबाव होता है ।

तनुष कोटियन ने आठ विकेट लिए, मुंबई ने हरियाणा को 10 विकेट से हराया

तनुष कोटियन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 81 रन देकर आठ विकेट लिए जिससे मुंबई ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के मैच में बृहस्पतिवार को यहां हरियाणा को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर बोनस अंक हासिल किया।

मुंबई ने इस तरह से लगातार तीसरे मैच में बोनस अंक हासिल किया। उसके सामने केवल 97 रन का लक्ष्य था। सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी (नाबाद 67) और दिव्यांश सक्सेना (नाबाद 30) ने केवल 10.4 ओवर मुंबई को लक्ष्य तक पहुंचा दिया और उसे सात अंक दिलाए।

इससे पहले मुंबई ने चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ भी बोनस अंक के साथ जीत हासिल की थी।

मुंबई ने अपनी पहली पारी में 430 रन बनाए थे जिसके जवाब में हरियाणा 270 रन ही बना पाया था और उसे फॉलोऑन करना पड़ा था।

हरियाणा ने सुबह अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 73 रन से आगे बढ़ाई और कुल 256 रन बनाए। उसकी तरफ से निशांत सिंधु (44), सामंत जाखर (40) और अनुज ठकराल (नाबाद 40) ही धीमी पिच पर कुछ संघर्ष कर पाए।

जोश इंग्लिस बने तीनों फॉर्मेट में एक से अधिक शतक जड़ने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई

ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने गुरुवार को न्यूलैंड्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 102 रन बनाए। इसी के साथ इंग्लिस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में एक से अधिक शतक जड़ने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बन गए।

लगभग एक साल बाद टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में वापसी करने वाले इंग्लिस ने पहली पारी में 132 गेंदों पर शतक पूरा किया। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 11 चौके शामिल रहे। यह जोश इंग्लिस का दूसरा टेस्ट शतक था; इससे पहले उन्होंने जनवरी 2025 में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था, जो उन्होंने टेस्ट फॉर्मेट की डेब्यू पारी में किया।

 ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक से अधिक शतक जड़े हैं। इंग्लिस के अलावा, ग्लेन मैक्सवेल (5) और आरोन फिंच (2) के नाम भी एक से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं, लेकिन इनमें से किसी ने भी अन्य फॉर्मेट में एक से अधिक शतक नहीं लगाए। मैक्सवेल ने अपने वनडे करियर में चार शतक लगाए हैं, लेकिन टेस्ट में केवल एक शतक है। वहीं, फिंच के नाम भी 17 वनडे शतक हैं, लेकिन उन्होंने कोई टेस्ट शतक नहीं जड़ा है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए