
आज पेरिस ओलंपिक 2024 का 13वां दिन है। भारत को पेरिस ओलंपिक के 13वें दिन टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा से एक बार फिर ऐतिहासिक प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी। दूसरी ओर, स्वर्ण की दौड़ से बाहर हो चुकी भारतीय पुरुष हॉकी टीम भी कांस्य पदक के साथ अपने अभियान को समाप्त करना चाहेगी।
आपको बता दें, भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा गुरुवार की रात ओलंपिक में लगातार दूसरे स्वर्ण पदक के लिए उतरेंगे। नीरज ने क्वालिफिकेशन में दमदार प्रदर्शन किया था और पहले ही प्रयास में 89.34 मीटर का थ्रो कर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया था। नीरज फाइनल में ओलंपिक के इतिहास में खिताब बरकरार रखने वाले पांचवां पुरुष भाला फेंक खिलाड़ी बनने के इरादे से उतरेंगे।
उधर, जर्मनी के हाथों सेमीफाइनल में मिली हार का गम भुलाकर भारतीय हॉकी टीम एक आखिरी बार पेरिस ओलंपिक में स्पेन के खिलाफ तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में उतरेगी तो लक्ष्य पीआर श्रीजेश और देश के लिए कांसे के तमगे के साथ लौटने का होगा। पूरे टूर्नामेंट में एक चैंपियन की तरह खेलने वाली भारतीय टीम का 44 साल बाद ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने का सपना एक रोमांचक मुकाबले में मंगलवार को जर्मनी से 2-3 से मिली हार के साथ टूट गया। इसके डेढ़ दिन बाद ही अब हरमनप्रीत सिंह की टीम को स्पेन से कांस्य पदक का प्लेऑफ खेलना है और कोशिश यही रहेगी कि टोक्यो में जीते कांस्य पदक को बरकरार रखा जाए।
गोल्फ
- महिला व्यक्तिगत राउंड-2: अदिति अशोक और दीक्षा डागर (दोपहर 12.30 बजे से)
एथलेटिक्स
- महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ रेपेचेज राउंड: ज्योति याराजी (दोपहर 2.05 बजे से)
- पुरुष भाला फेंक फाइनल : नीरज चोपड़ा (देर रात 11.55 बजे से)
कुश्ती
- पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा प्री क्वार्टर फाइनल: अमन सहरावत (दोपहर 2.30 बजे)
- महिला फ्रीस्टाइल 57 किग्रा प्री क्वार्टर फाइनल: अंशु मलिक (दोपहर 2.30 बजे से)
हॉकी
- पुरुष कांस्य पदक मैच: भारत बनाम स्पेन (शाम 5.30 बजे से)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए