खेल

Paris Olympics: विनेश फोगाट का धमाल जारी, क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की पहलवान को दी पटखनी, अब सेमीफाइनल पर नजर

विनेश ने इससे पहले टोक्यो ओलंपिक की चैंपियन जापान की युई सुसाकी को 3-2 हरा कर बड़ा उलटफेर किया। इतना ही नहीं जापान की पहलवान की अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में यह पहली हार थी, जिससे विनेश की सफलता और भी खास हो जाती है।

विनेश फोगाट ने यूक्रेन की पहलवान को दी पटखनी
विनेश फोगाट ने यूक्रेन की पहलवान को दी पटखनी -

व‍िनेश फोगाट ने एक बार फिर से कमाल करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक के महिला 50 किग्रा कुश्ती के क्वार्टर फाइनल मैच में यूक्रेन की ओसाना लिवाच को हराया दिया है। उन्होंने ओक्साना लिवाच को 7-5 से करारी शिकस्त दी। अब विनेश का सेमीफाइनल मुकाबला आज ही रात 9:45 होगा।

विनेश ने इससे पहले आज (मंगलवार) ही टोक्यो ओलंपिक की चैंपियन जापान की युई सुसाकी को 3-2 हरा कर बड़ा उलटफेर किया। युई सुसाकी चार बार की विश्व चैंपियन भी हैं। इतना ही नहीं जापान की पहलवान की अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में यह पहली हार थी, जिससे विनेश की सफलता और भी खास हो जाती है।

इस 29 साल की पहलवान ने पिछले साल भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख बृज भूषण सिंह शरण पर यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाने के बाद उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए काफी समय मैट से दूर बिताया था।

विनेश पहली बार 50 किग्रा में चुनौती पेश कर रही है। इससे पहले वह 53 किग्रा में खेलती थी।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए