खेल

मलेशिया ओपन में खत्म हुआ सिंधु और श्रीकांत का सफर, सेमीफाइनल में हारकर हुए बाहर

मलेशिया ओपन में ताइवान की ताइ जु यिंग ने महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-3 सिंधु को बेहद रोमांचक और कड़े मैच में 21-15, 19-21, 21-11 से मात दी। यह मैच 55 मिनट तक चला।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया पीवी सिंधु और किदाम्बी श्रीकांत सेमीफाइनल में हारकर मलेशिया ओपन से हुए बाहर

भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और पुरुष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत शनिवार को मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में हार गए। सिंधु को वर्ल्ड नंबर-1 और मौजूदा विजेता ताइवान की ताइ जु यिंग ने मात दी तो वहीं श्रीकांत को जापान को केंटो मोमोटा ने हरा दिया। यिंग ने महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-3 सिंधु को बेहद रोमांचक और कड़े मैच में 21-15, 19-21, 21-11 से मात दी। यह मैच 55 मिनट तक चला।

विश्व की शीर्ष खिलाड़ियों के बीच मैच बेहद प्रतिस्पर्धी रहा। पहला गेम एक समय 6-6 की बराबरी पर था। यहां से यिंग ने ब्रेक में जाने तक 11-9 की बढ़त ले ली। ब्रेक के बाद वह सिंधु पर हावी होते हुए गेम को अपने नाम कर ले गईं।

सिंधु हार मानने वाली नहीं थीं। उन्होंने दूसरे गेम की शानदार शुरुआत करते हुए 8-6 की बढ़त ले ली थी। यिंग ने हालांकि बराबरी की और स्कोर 9-9 कर दिया और फिर ब्रेक में 11-10 की बढ़त के साथ गईं।

रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता सिंधु ब्रेक के बाद अच्छी वापसी करने में कामयाब रहीं। उन्होंने 18-16 की बढ़त ली, लेकिन यहां एक बार फिर यिंग ने 19-19 से स्कोर बराबर कर लिया। यहां से सिंधु ने दो अंक लेकर गेम अपने नाम कर मैच को तीसरे गेम में पहुंचा दिया।

तीसरे गेम में सिंधु ने शुरुआत में यिंग को कड़ी टक्कर दी। हालांकि बाद में वह पिछड़ गईं और गेम के साथ मैच भी गंवा बैठीं।

फाइनल में यिंग का सामना चीन की ही बिंगजियाओ से होगा जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल मैच में थाइलैंड की रतचानोक इंतानोन को 21-17, 21-17 से मात दी।

पुरुष एकल वर्ग में वर्ल्ड नंबर-7 भारत के श्रीकांत को मोमोटा के हाथों हार का सामना करना पड़ा। वर्ल्ड नंबर-11 मोमोटा ने श्रीकांत को सीधे गेमों में 21-13, 21-13 से मात दी। इस जीत के साथ मोमोटा ने फाइनल में जगह बना ली है। जहां उनका सामना मलेशिया के ली चोंग वेई से होगा। चोंग ने दूसरे सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के टॉमी सुर्गाटो को 21-18, 21-15 से मात दी।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • राहुल गांधी ने छात्रों से बर्बरता पर सरकार को घेरा, प्रधान का इस्तीफा और पीएम मोदी की माफी समेत तीन मांग रखी

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को घेरा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और PM से माफी समेत रखीं तीन मांगें

  • ,
  • मेरठ में कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के स्थल पर पुलिस ने ताला जड़ा, कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किया

  • ,
  • सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने CJP प्रदर्शन के दौरान छात्रों और वकीलों पर पुलिस बर्बरता की निंदा की, जांच की मांग की

  • ,
  • दिल्ली के जंतर मंतर पर पुलिस कार्रवाई के बाद छात्रों के समर्थन में उतरे अरिजीत सिंह, बोले- हर चीज याद रखी जाएगी