
25 साल पहले ईडन गार्डन्स में भारत ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की सबसे यादगार जीत दर्ज की थी। जहीर खान, हरभजन सिंह, वेंकटेश प्रसाद ने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली उस जीत को एक बार फिर से याद किया। सौरव गांगुली भी वर्चुअली इस खास सेशन का हिस्सा बने।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली जीत में कप्तान की भूमिका निभाने वाले सौरव गांगुली ने कहा, "यह किस्मत थी। यह एक परियों की कहानी जैसी थी। मैंने ऐसा नहीं किया। यह बस हो गया।" यादगार जीत में गेंद से अहम भूमिका निभाने वाले हरभजन सिंह ने कहा, "मैं अपने माता-पिता की वजह से इस दुनिया में आया, लेकिन मुझे नहीं पता कि ईडन गार्डन्स के बिना मैं क्या होता।"
भज्जी ने उस पल को भी याद किया कि कैसे उन्हें उस टेस्ट मैच का हिस्सा बनने का मौका मिला। उन्होंने कहा, "जब भी मैं यहां आता हूं, तो यादें मेरे दिमाग में आ जाती हैं। बेशक, अनिल कुंबले चोटिल हो गए थे। हालांकि, जॉन राइट किसी ऐसे गेंदबाज को चाहते थे जो विकेट निकाल सके। उन्होंने सभी को नेट्स में गेंदबाजी के लिए बुलाया और सोचा कि मैं सबसे अच्छा हूं। गांगुली ने मुझे लेने पर जोर दिया था, क्योंकि मैं घरेलू क्रिकेट में विकेट ले रहा था।"
Published: undefined
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने मंगलवार को बेबाक राय देते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी को आगामी आईपीएल में शीर्ष छह में बल्लेबाजी करनी चाहिए क्योंकि आठवें या नौवें नंबर पर आने से उनकी मौजूदगी के साथ न्याय नहीं होता।
धोनी 44 साल के हो चुके हैं और 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में अपनी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के लिए खेलेंगे और डिविलियर्स ने इस करिश्माई खिलाड़ी से पिछले कुछ वर्षों में बल्लेबाजी क्रम में बहुत नीचे खेलने की रणनीति को बदलने की अपील की।
आगामी आईपीएल सत्र में सीएसके में धोनी की भूमिका पर बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा, ‘‘यह बहुत मुश्किल है और सीधा-सीधा मामला नहीं है। ब्रांड बनने में वर्षों लगते हैं और सीएसके ने धोनी की शख्सियत के साथ कई वर्षों में यह साम्राज्य खड़ा किया है जो हमेशा से वहां मौजूद रहे हैं। जब आप सीएसके का नाम लेते हैं तो तुरंत आपके दिमाग में धोनी का नाम आता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पिछले कुछ वर्षों में उनकी भूमिका पूरी तरह से उस ब्रांड को जितना हो सके उतना मजबूत बनाए रखने की रही है। इसीलिए मुझे आठ या नौ नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उनकी कोई भूमिका नजर नहीं आती और ना ही वह पिछले सत्र की तरह कुछ खास कर पा रहे हैं।’’
डिविलियर्स ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि वह बल्ले से असरदार हो सकते हैं लेकिन अगर वह इतनी नीचे बल्लेबाजी कर रहे हैं और कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं तो ऐसा लगता है कि वह गलत कारणों से बस टीम में एक जगह भर रहे हैं। उनके लिए अब भी टीम में जगह है लेकिन उन्हें बल्लेबाजी के लिए ऊपर आना होगा, कम से कम नंबर छह पर और कभी-कभी तो पांच या चार नंबर पर भी।’’
Published: undefined
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर आईसीसी महिला एकदिवसीय रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गई हैं, जबकि उपकप्तान स्मृति मंधाना शीर्ष स्थान पर कायम हैं।
रैंकिंग में यह बदलाव न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सोफी डिवाइन के दो स्थान फिसलकर नौवें नंबर पर आने के बाद हुआ। भारत की जेमिमा रोड्रिग्स 12वें स्थान पर बरकरार हैं।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाज मैडी ग्रीन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ ‘आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज’ के अंतिम मैच में 94 रनों की शानदार पारी खेलकर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। 33 वर्षीय ग्रीन की डुनेडीन में खेली गई 73 गेंदों की पारी की बदौलत उनकी टीम ने 200 रन से जीत दर्ज करते हुए श्रृंखला में 3-0 से सूपड़ा साफ किया। इस प्रदर्शन से वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर 610 रेटिंग अंकों के साथ 17वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
न्यूजीलैंड की हरफनमौला अमेलिया केर ने आखिरी वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 रन बनाने के साथ 22 रन देकर पांच विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार अपने नाम किया। इस बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी चुना गया। इस प्रदर्शन से केर 21वें स्थान से संयुक्त 19वें स्थान पर पहुंच गई हैं और बल्लेबाजी तथा गेंदबाजी दोनों में 600 से अधिक रेटिंग अंक हासिल किए हैं।
Published: undefined
सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने 60 रन की आकर्षक पारी खेली जबकि तेज गेंदबाज बेन सीयर्स और लॉकी फर्ग्यूसन ने तीन-तीन विकेट लिए जिससे न्यूजीलैंड ने मंगलवार को यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को 68 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली।
कॉनवे की 49 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल हैं। उनके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया जिसमें जोश क्लर्कसन नाबाद 26 रन बनाकर दूसरे बड़े स्कोरर रहे। इससे न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 175 रन बनाए।
इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 15.3 ओवर में 107 रन पर आउट हो गई। उसके बल्लेबाजों को पिच की गति और उछाल से सामंजस्य बिठाने में परेशानी हुई। उनकी टाइमिंग सही नहीं थी जिसके कारण उसके सभी बल्लेबाज कैच आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी छह विकेट 40 रन पर गंवाए। जॉर्ज लिंडे की तूफानी पारी के दम पर ही वह 100 रन की संख्या पार कर पाया। लिंडे ने 12 गेंदों में तीन चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 33 रन बनाए।
Published: undefined
भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि हाल ही में हुए विश्व कप फाइनल के दौरान अर्शदीप सिंह के थ्रो पर डेरिल मिचेल को गेंद लगने की घटना के बाद उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर उनसे माफी मांगी थी क्योंकि वह कप्तान के तौर पर मैदान पर सही उदाहरण पेश करना चाहते थे।
फाइनल मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप का थ्रो मिचेल के पैड पर लग गया था। इस घटना पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अर्शदीप पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया और एक डिमेरिट अंक भी दिया।
इस घटना के तुरंत बाद अर्शदीप ने माफी नहीं मांगी, जिस पर मिचेल ने आपत्ति जताई। स्थिति को संभालने के लिए सूर्यकुमार और मैदान पर मौजूद अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा।
मैच के आखिर में अर्शदीप ने हालांकि सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मामले को खत्म किया। भारत ने यह मुकाबला 96 रन से जीतकर खिताब बरकरार रखा।
सूर्यकुमार ने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ एक पॉडकास्ट में इस घटना को ज्यादा तवज्जो देने से बचते हुए कहा, ‘‘ मैच के दौरान कभी-कभी ऐसा हो जाता है। उस समय पूरी तरह समझ नहीं आता कि क्या हो रहा है। लेकिन बाद में मैंने पाजी (अर्शदीप) से कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। फिर उन्होंने मिचेल से बात की और चीजें ठीक हो गयी।”
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined