खेल

खेलः एशियन गेम्स में विथ्या ने तोड़ा पीटी उषा का रिकॉर्ड और सौरव गांगुली को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत

टीम इंडिया एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। बारिश के चलते भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला क्वार्टर फाइनल रद्द हो गया। आईसीसी टी20 रैंकिंग में अफगानिस्तान से ऊपर होने के कारण भारतीय टीम को बिना मैदान पर उतरे ही सेमीफाइनल में जगह मिल गई।

एशियन गेम्स में विथ्या ने तोड़ा पीटी उषा का रिकॉर्ड और सौरव गांगुली को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत
एशियन गेम्स में विथ्या ने तोड़ा पीटी उषा का रिकॉर्ड और सौरव गांगुली को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत फोटोः IANS

एशियन गेम्स में विथ्या ने तोड़ा पीटी उषा का रिकॉर्ड

एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता। रामराज ने रोमांचक फाइनल में 54.75 सेकंड के साथ अपना अब तक का पर्सनल बेस्ट निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इसी के साथ साथ विथ्या ने दिग्गज भारतीय एथलीट पीटी उषा के 42 साल पुराने नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

भारतीय एथलीट पूरी रेस के दौरान मेडल की दौड़ में बनी रहीं। उन्होंने अंतिम क्षणों में भी अपनी स्थिति बनाए रखी, लेकिन वह मरियम करीम का मुकाबला नहीं कर सकीं। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की मरियम करीम ने 54.31 सेकंड के गेम्स-रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि कजाकिस्तान की एडेलिना जम्स ने 54.58 सेकंड के अपने पर्सनल बेस्ट समय के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।

विथ्या रामराज ने 55.42 सेकंड के पिछले नेशनल रिकॉर्ड में 0.67 सेकंड का सुधार किया। यह रिकॉर्ड उषा ने 1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में बनाया था, जहां वह ओलंपिक फाइनल में चौथे स्थान पर रही थीं। पीटी उषा का 55.42 सेकंड का रिकॉर्ड 1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक से कायम था, जिसमें वह चौथे स्थान पर रहने के कारण बहुत कम अंतर से पोडियम से चूक गई थीं। रामराज ने साल 2023 में इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी, लेकिन एशियन गेम्स 2026 में इसमें सुधार करते हुए नया नेशनल रिकॉर्ड बना लिया। रामराज ने इससे पहले एशियन गेम्स 2023 में उषा के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। तीन साल बाद, आखिरकार वह उस रिकॉर्ड से आगे निकल गईं जो भारतीय एथलेटिक्स में सबसे लंबे समय तक कायम रहने वाले रिकॉर्ड्स में से एक था। अन्य भारतीय एथलीट अनु राघवन ने भी फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। लेन आठ में दौड़ते हुए राघवन ने 55.88 सेकंड (पर्सनल बेस्ट) के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। फाइनल में पहुंचने से पहले उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ समय 56.54 सेकंड था।

सौरव गांगुली को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत

क्रिकेटर सौरव गांगुली को 14.49 करोड़ के आर्बिट्रल अवॉर्ड पर सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को गांगुली के पक्ष में दिए गए आर्बिट्रल अवॉर्ड को चुनौती देने वाली परसेप्ट टैलेंट मैनेजमेंट की याचिका खारिज कर दी। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले में दखल देने से इनकार किया।

यह विवाद साल 2003 के खिलाड़ी प्रतिनिधित्व समझौते से जुड़ा था, जिसके तहत परसेप्ट टैलेंट मैनेजमेंट को गांगुली के व्यापारिक और प्रचार संबंधी अधिकारों के प्रबंधन की जिम्मेदारी मिली थी। परसेप्ट टैलेंट मैनेजमेंट ने दलील दी थी कि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से सौरव गांगुली की कमाई को भी राजस्व-साझाकरण समझौते में शामिल किया जाना चाहिए था। कंपनी की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता नकुल दीवान ने कहा कि समझौते में प्रमोशनल सर्विसेज से जुड़ी व्यापक शर्तें थीं और आर्बिट्रल ट्रिब्यूनल ने कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों को सही तरीके से नहीं समझा।

जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने परसेप्ट टैलेंट मैनेजमेंट की तरफ से समझौते की व्याख्या पर सवाल उठाए और गांगुली के खिलाड़ी के रूप में कोलकाता केकेआर से जुड़ने और प्रमोशनल गतिविधियों के बीच अंतर पर भी ध्यान दिया। सुप्रीम कोर्ट ने आर्बिट्रल ट्रिब्यूनल और कलकत्ता हाईकोर्ट के समवर्ती निष्कर्षों में दखल देने से इनकार कर दिया। आर्बिट्रल ट्रिब्यूनल ने सौरव गांगुली के पक्ष में 14,49,91,000 रुपये का अवॉर्ड, 12 प्रतिशत ब्याज और 50 लाख लागत का आदेश दिया था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने माना है कि लंबे तक अग्रीमेंट जारी रखने और सौरव गांगुली का प्रतिनिधित्व करने के बाद परसेप्ट टैलेंट मैनेजमेंट टर्मिनेशनल के अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर सकती थी। मामले की सुनवाई के लिए सौरव गांगुली की तरफ से सीनियर एडवोकेट गौरब बनर्जी कोर्ट में पेश हुए थे।

टेनिस के विमेंस डबल्स में भारतीय अभियान समाप्त

एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को विमेंस डबल्स टेनिस में कजाकिस्तान की अन्ना डैनिलिना और यूलिया पुतिनत्सेवा ने अंकिता रैना/ऋतुजा भोसले की जोड़ी को तीन सेट के मैच में 5-7, 6-3, 5-10 से हराया। भारतीय जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहला सेट 7-5 से जीता, लेकिन डैनिलिना और पुतिनत्सेवा ने शानदार वापसी की और दूसरा सेट 6-3 से अपने नाम करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद कजाख जोड़ी ने निर्णायक मैच टाई-ब्रेक में संयम बनाए रखा और 10-5 से जीत हासिल करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

नागोया में खेले गए इस कड़े मुकाबले में हार के साथ भारतीय सफर पहले ही राउंड में समाप्त हो गया। भले ही विमेंस डबल्स में भारतीय चुनौती जल्द समाप्त हो गई, लेकिन अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले के लिए टूर्नामेंट अभी खत्म नहीं हुआ है। ये दोनों भारतीय खिलाड़ी मिक्स्ड डबल्स में भी हिस्सा ले रही हैं और उनके पास प्रतियोगिता में बने रहने का एक और मौका होगा।

पुतिनत्सेवा के पास अंतरराष्ट्रीय सर्किट का काफी अनुभव है। नियमित रूप से डब्ल्यूटीए टूर पर खेलने वालीं पुतिनत्सेवा सिंगल्स में टॉप 100 में शामिल हैं। यह अनुभव तब काम आया, जब मैच निर्णायक दौर में पहुंचा। पहला सेट गंवाने के बाद कजाख जोड़ी ने मुकाबले पर पकड़ बना ली। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत में पहला सेट जीतकर मजबूत स्थिति बना ली थी, लेकिन वे इस बढ़त को जीत में नहीं बदल पाए। दूसरा सेट वे 3-6 से हार गए, जिससे नतीजा मैच टाई-ब्रेक पर निर्भर हो गया, जहां डैनिलिना और पुतिनत्सेवा ने पांच अंकों के अंतर से जीत हासिल की।

दूसरी तरफ, सुमित नागल का मेंस सिंगल्स का मुकाबला पहला सेट खत्म होने से पहले ही रोकना पड़ा। नागल साउथ कोरिया के होंग सियोंग-चान के खिलाफ 3-2 से आगे चल रहे थे, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इस मैच को मंगलवार के लिए रीशेड्यूल किया गया है, जिससे नागल को अपना अधूरा पहला राउंड का मुकाबला पूरा करना होगा। भारतीय खिलाड़ी सियोल में डेविस कप मुकाबले में साउथ कोरियन खिलाड़ियों के खिलाफ हालिया मुश्किल प्रदर्शन के बाद इस मैच में उतर रहे हैं, जहां वे अपने दोनों सिंगल्स मैच हार गए थे। अब वे कोर्ट पर वापसी करेंगे, जबकि हांगकांग के खिलाफ एशियाई खेलों का मुकाबला अभी तय नहीं हुआ है। विमेंस डबल्स में बाहर होने के बाद, भारत का ध्यान अब मिक्स्ड डबल्स इवेंट्स और नागल के रीशेड्यूल किए गए सिंगल्स मैच पर है, क्योंकि भारतीय टीम प्रतियोगिता में अपनी मौजूदगी बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

टीम इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होती झमाझम बारिश के चलते भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा। आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में अफगानिस्तान से ऊपर होने के कारण भारतीय टीम को बिना मैदान पर उतरे ही सेमीफाइनल में जगह मिल गई है। भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में पहले स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान 10वें नंबर पर मौजूद है। बारिश की वजह से मैच में टॉस भी नहीं हो सका और मैदान पूरी तरह से कवर्स से ढका रहा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अब एक अक्टूबर को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी।

इससे पहले, इसी ग्राउंड पर सोमवार को पाकिस्तान और हांगकांग (चीन) के बीच होने वाला पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया। पाकिस्तान की आईसीसी टी20 रैंकिंग हांगकांग (चीन) से बेहतर होने के कारण उन्हें सेमीफाइनल का टिकट मिला। टूर्नामेंट का तीसरा और चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला मंगलवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा। तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में श्रीलंका की भिड़ंत नेपाल के साथ होनी है जबकि चौथे क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश का सामना मलेशिया से होगा।

एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने से पहले भारतीय टीम ने जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला था। बारिश के कारण यह मैच 5-5 ओवर का खेला गया था, जहां भारतीय टीम रोमांचक मुकाबले में 2 रनों से जीत दर्ज करने में सफल रही थी। भारतीय बल्लेबाज जापान के स्पिनर्स के सामने संघर्ष करते नजर आए थे और टीम 5 ओवर में 4 विकेट खोकर 32 रन ही बना सकी थी। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे जबकि ईशान किशन, संजू सैमसन और कप्तान श्रेयस अय्यर भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। भारतीय पारी में सिर्फ दो चौके लगे थे। हालांकि, अक्षर पटेल की अच्छी गेंदबाजी के चलते भारतीय टीम जापान को 30 रनों के स्कोर पर रोकने में सफल रही थी।

एशियन गेम्सः सेमीफाइनल में कैसा है इंडिया का रिकॉर्ड

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। भारत और अफगानिस्तान के बीच सोमवार को होने वाला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। बेहतर टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग होने के कारण टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही। भारतीय टीम एक अक्टूबर को दूसरा सेमीफाइनल मैच खेलने मैदान पर उतरेगी। हालांकि, टीम इंडिया का सामना किस टीम से होगा इसका पता मंगलवार को होने वाले तीसरे और चौथे क्वार्टर फाइनल मैच के बाद पता लगेगा।

क्रिकेट को एशियन गेम्स में चौथी बार शामिल किया गया है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने महज दूसरी बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम भेजी है। एशियन गेम्स 2023 में भारतीय टीम ने पहली बार हिस्सा लिया था। इस दौरान सेमीफाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत बांग्लादेश से हुई थी। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 96 रन ही स्कोरबोर्ड पर लगा सकी थी। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में साई किशोर ने 4 ओवर में सिर्फ 12 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए थे, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 15 रन देकर 2 विकेट झटके थे।

टीम इंडिया ने बांग्लादेश से मिले 97 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 9.2 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया था। भारत की ओर से बल्लेबाजी में तिलक वर्मा ने शानदार बैटिंग करते हुए महज 26 गेंदों में 55 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ 26 गेंदों में 40 रन बनाकर नाबाद रहे थे। तिलक और ऋतुराज ने दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 97 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए भारतीय टीम को आसानी से फाइनल का टिकट दिलाया था। फाइनल में भारत की भिड़ंत अफगानिस्तान से हुई थी, जहां बारिश के खलल के कारण बेहतर रैंकिंग होने की वजह से टीम इंडिया गोल्ड मेडल जीतने में सफल रही थी।