खेल

Paris Olympics: विनेश फोगट ने सिल्वर मेडल किया पक्का, कुश्ती के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

इस जीत के साथ ही विनेश फोगाट ने इतिहास रच दिया है। विनेश फोगाट कुश्ती के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

विनेश फोगाट ने भारत के लिए एक और पदक किया पक्का
विनेश फोगाट ने भारत के लिए एक और पदक किया पक्का 

भारतीय महिला पहलवान व‍िनेश फोगाट ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है। महिला पहलवान विनेश ने महिला 50 किग्रा फ्रीस्टाइल इवेंट के सेमीफाइनल में क्यूबा की रेसलर युसनेइलिस गुजमैन को 5-0 से करारी शिकस्त दी। दुनिया की नंबर एक जापान की महिला पहलवान को हराने के बाद विनेश शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। अब उनसे गोल्ड मेडल की उम्मीद और बढ़ गई है।

इस जीत के साथ ही विनेश ने इतिहास रच दिया है। विनेश फोगाट कुश्ती के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। उन्होंने इससे पहले ओलंपिक खेलों में बड़ा उलटफेर करते हुए अब तक अपराजेय मौजूदा चैम्पियन युई सुसाकी को शिकस्त देने के बाद यूक्रेन की ओक्साना लिवाच को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

अंतिम चार मैच में लोपेज ने शुरुआती पीरियड में विनेश के पैर पर पकड़ बनाने की कोशिश की लेकिन उनके अतिरक्षात्मक खेल के कारण भारतीय पहलवान को एक अंक की बढ़त बनाने की मौका मिल गया।

शुरुआती पीरियड में बढ़त बनाने के बाद विनेश ने दूसरे पीरियड में आक्रामक शुरुआत की और प्रतिद्वंद्वी पहलवान के दायें पैर पर मजबूत पकड़ के साथ 5-0 की बढ़त बना ली।

क्यूबा की पहलवान ने इसके बाद विनेश पर पकड़ बनाने की कोशिश की लेकिन विनेश के शानदार रक्षण के आगे उनका प्रयास विफल हो गया।

पुरुष वर्ग में सुशील कुमार और रवि दाहिया को ओलंपिक फाइनल खेलना का अनुभव है लेकिन ये दोनों रजत पदक ही जीत पाये थे, ऐसे में विनेश के पास कुश्ती में देश का पहला स्वर्ण पदक विजेता बनने का मौका होगा। इस स्पर्धा का फाइनल बुधवार को खेला जायेगा।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए