खेल

खेल: क्राइस्टचर्च में मिलेगी गुरनूर बरार को प्लेइंग इलेवन में जगह? और पाकिस्तान के ऐतिहासिक दौरे पर जाएगी आयरलैंड

भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने संकेत दिए हैं कि दूसरे टेस्ट में गुरनूर बरार को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है। आयरलैंड की क्रिकेट टीम जनवरी में पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

क्राइस्टचर्च में मिलेगी गुरनूर बरार को प्लेइंग इलेवन में जगह? मोर्ने मोर्कल ने दिए संकेत, अंशुल का किया बचाव  

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर शुक्रवार से खेला जाना है। भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने संकेत दिए हैं कि दूसरे टेस्ट में गुरनूर बरार को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरनूर पर बात करते हुए मोर्कल ने कहा, "जब से वह भारतीय टीम से जुड़े हैं, उनकी गति और उछाल को लेकर काफी उत्साह है। मुझे लगता है कि वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो यहां की परिस्थितियों के हिसाब से बिल्कुल फिट बैठेंगे। देखते हैं आगे क्या होता है। गुरनूर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम में जगह बनाने के करीब हैं। वह सब कुछ सही कर रहे हैं। हालांकि, एक खिलाड़ी के तौर पर चयन उनके हाथ में नहीं है। उन्हें बस यह सुनिश्चित करना है कि जब भी उन्हें मौका मिले, तो वह पूरी तरह तैयार रहें। कई बार जब कोई खिलाड़ी मौके के बहुत करीब होता है, तो एक गेंदबाज के तौर पर उसका ध्यान भटक सकता है। जब उन्हें मौका मिलेगा और आप कभी नहीं जानते कि कब मिल जाए, तो मेरा काम यह पक्का करना है कि वह 100 प्रतिशत तैयार रहें।"

 गेंदबाजी कोच ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में संघर्ष करते नजर आए तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज का बचाव किया। उन्होंने कहा, "सिर्फ वही (अंशुल) नहीं, न्यूजीलैंड की टीम को ही देख लीजिए उस पिच पर उनकी गेंदबाजी की रफ्तार भी कम थी। आप किसी खिलाड़ी को उसके पहले टेस्ट मैच से ही नहीं परख सकते। अपना पहला टेस्ट मैच खेलते समय खिलाड़ी कई तरह की भावनाओं और चीजों से गुजर रहा होता है। इसी कारण हमें उस खिलाड़ी का समर्थन करना चाहिए जो टीम के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है और मुश्किल ओवर डाल रहा है। अंशुल को कुछ और मैच खेलने का मौका दें, फिर हम इस पर बात कर सकते हैं। मुझे लगता है कि अभी किसी खिलाड़ी के बारे में कोई राय बनाने के लिए यह बहुत शुरुआती दौर है।"

बुमराह निश्चित रूप से चुनौतियां पेश करते हैं, खुद को मुश्किल गेंदों के लिए तैयार रखना जरूरी: टॉम लाथम

न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने चीजों को सरल रखने और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने पर जोर दिया है। न्यूजीलैंड टीम शुक्रवार से हेगली ओवल में भारत के खिलाफ निर्णायक दूसरे और अंतिम टेस्ट के लिए तैयारी कर रही है।

भारत के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से एक बड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। लाथम ने कहा कि बेहतरीन गेंदबाजी का सामना करने के लिए जरूरी है कि बल्लेबाज अपनी रणनीति पर अडिग रहे, न कि कोई तुरंत तकनीकी समाधान खोजे। उन्होंने यह भी बताया कि पिच की स्थिति और गेंद की प्रकृति किस तरह खेल पर असर डाल सकती है।

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में लाथम ने स्वीकार किया कि बुमराह का सामना करना मुश्किल है। बुमराह का गेंदबाजी एक्शन और गेंद छोड़ने का तरीका उन्हें बल्लेबाजों के लिए एक कठिन चुनौती बनाता है, चाहे वह नई गेंद से गेंदबाजी कर रहे हों या पुरानी गेंद से।

गुरुवार को दूसरे टेस्ट से एक दिन पहले लाथम ने कहा, "जसप्रीत बुमराह निश्चित रूप से चुनौतियां पेश करते हैं, चाहे नई गेंद हो या पुरानी। उनका एक्शन अनोखा है और वे बाकी गेंदबाजों की तुलना में बल्लेबाज के थोड़ा करीब आकर गेंद छोड़ते हैं। मगर मेरे नजरिए से, सबसे अहम बात यह है कि जो गेंद मेरे लिए सबसे बड़ा खतरा हो सकती है, उसके लिए खुद को तैयार रखूं। कुछ खिलाड़ियों का तरीका अलग हो सकता है। हो सकता है कि वे मुझसे बिल्कुल अलग तरह से खेलें।"

धोनी की ईस्पोर्ट्स टीम माही क्लचर्स एमओबीए लेजेंड्स मास्टर्स सीरीज में भाग लेगी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की माही क्लचर्स टीम एमओबीए लीजेंड्स मास्टर्स सीरीज (एमएलएमएस) के दूसरे सत्र में भाग लेगी, जिसका ग्रुप चरण शुक्रवार से शुरू होगा।

इस प्रतियोगिता की मेजबानी ‘गूगल प्ले एरेना’ करेगा। इसे गूगल प्ले और नोडविन गेमिंग ने मिलकर तैयार किया है। इसके दूसरे सत्र में आठ टीम भाग लेंगी।

इस टूर्नामेंट में माही क्लचर्स का मुकाबला भारत के कुछ प्रमुख ईस्पोर्ट्स टीमों से होगा, जिनमें एस8यूएल ईस्पोर्ट्स, गॉडलाइक ईस्पोर्ट्स, ओरंगुटान, टीम एपेक्स गेमिंग, रेवेनेंट एक्सस्पार्क, क्रक्स रिक्वियम और शैडो ईस्पोर्ट्स शामिल हैं।

इन टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है जो राउंड रोबिन प्रारूप में खेलेंगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष स्थान पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी।

मुंबई ने उत्तराखंड को 86 रन से हराया, ग्रुप चरण में अजेय रहा

मुशीर खान के अर्धशतक और अथर्व अंकोलेकर के तीन विकेट की मदद से मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप डी के मैच में बृहस्पतिवार को यहां उत्तराखंड को 86 रन से हराकर अजेय रहते हुए ग्रुप चरण में अपने अभियान का समापन किया।

मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर उत्तराखंड को 16.5 ओवरों में 123 रन पर आउट कर दिया।

मुंबई ने इस तरह से ग्रुप डी में 26 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उसने छह मैच जीते जबकि एक मैच रद्द कर दिया गया था।

इक्कीस वर्षीय मुशीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 65 रन बनाए और फिर अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से एक विकेट भी लिया।

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने शानदार शुरुआत की। अंगकृष रघुवंशी और विकेटकीपर-बल्लेबाज हार्दिक तामोरे ने पहले विकेट के लिए 28 गेंद पर 66 रन जोड़े। तामोरे ने छह चौकों और दो छक्कों की मदद से सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन बनाए।

रघुवंशी ने 34 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल हैं। यह साझेदारी टूटने के बाद मुशीर ने मुंबई की पारी की कमान संभाली जबकि सरफराज खान ने 15 गेंद पर 31 रन की तूफानी पारी खेली।

पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी आयरलैंड की क्रिकेट टीम

आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम जनवरी में पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी जिसमें वह लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में छह एक दिवसीय मैच खेलेगी।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शुरू में जिम्बाब्वे को तीसरी टीम के रूप में रखकर त्रिकोणीय श्रृंखला की योजना बनाई थी, लेकिन अफ्रीकी देश ने हाल ही में विभिन्न कारणों से पाकिस्तान की यात्रा करने में असमर्थता जताते हुए अपना नाम वापस ले लिया था।

आयरलैंड की टीम पहली बार पाकिस्तान में खेलेगी। वह अपने इस दौरे में तीन मैच पाकिस्तान शाहीन (पाकिस्तान ए) और फिर इतने ही वनडे मैच पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम के खिलाफ खेलेगी।

आयरलैंड की टीम नौ जनवरी को लाहौर पहुंचेगी और 13 से 17 जनवरी तक पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ तीन एक दिवसीय मैच खेलेगी। इसके बाद आयरलैंड 20 से 24 जनवरी तक पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा। सभी छह मैच गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए