खेल

खेल: विश्व चैंपियन स्पेन के स्वदेश लौटने पर होगा शाही स्वागत और रोहित के संन्यास को लेकर गिल ने दिया बहुत बड़ा बयान

स्पेन की विश्व कप विजेता टीम सोमवार दोपहर को स्वदेश लौटने के लिए तैयार है, जहां टीम के 11 सदस्यों का स्वागत स्पेन के शाही महल और प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज द्वारा किया जाएगा। रोहित अभी 39 वर्ष के हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल वनडे में ही खेलते हैं।

विश्व चैंपियन स्पेन के स्वदेश लौटने पर होगा शाही स्वागत, मैड्रिड में निकलेगी विजय परेड
विश्व चैंपियन स्पेन के स्वदेश लौटने पर होगा शाही स्वागत, मैड्रिड में निकलेगी विजय परेड  फोटो: सोशल मीडिया

विश्व कप फाइनल के बाद जश्न के दौरान स्पेन और अर्जेंटीना खिलाड़ियों के बीच झड़प

विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना को हराने के बाद स्पेन का जश्न उस समय फीका पड़ गया जब अंतिम सीटी बजने के तुरंत बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर तीखी झड़प हो गई।

वीडियो रीप्ले में कई खिलाड़ी आपस में उलझते दिखाई दिए। अर्जेंटीना के डिफेंडर लिएंड्रो पारेदेस ने कथित तौर पर स्पेन के एरिक गार्सिया का गला पकड़कर धक्का दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे स्पेन के स्थानापन्न खिलाड़ी गावी को भी पारेदेस ने धक्का देकर मैदान पर गिरा दिया।

स्थिति को शांत कराने के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ी और अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी तुरंत मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला नियंत्रित हुआ।

इस घटना में शामिल खिलाड़ियों के खिलाफ किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई के बारे में फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस संबंध में फीफा ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

स्पेन ने रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में अतिरिक्त समय में 1-0 से जीत दर्ज कर विश्व कप खिताब को अपने नाम किया।

अर्जेंटीना को मैच के दौरान बड़ा झटका तब लगा, जब एंजो फर्नांडिस को दूसरा पीला कार्ड मिलने के बाद मैदान छोड़ना पड़ा और टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गई।

विश्व चैंपियन स्पेन के स्वदेश लौटने पर होगा शाही स्वागत, मैड्रिड में निकलेगी विजय परेड

स्पेन की विश्व कप विजेता टीम सोमवार दोपहर को स्वदेश लौटने के लिए तैयार है, जहां टीम के 11 सदस्यों का स्वागत स्पेन के शाही महल और प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज द्वारा किया जाएगा ।

इसके बाद शाम को खिलाड़ी खुली छत वाली बस में सवार होकर शहर के मध्य भाग में विजय परेड में हिस्सा लेंगे।

टीम के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों के जुटने की उम्मीद है। परेड प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास मोनक्लोआ पैलेस के निकट से शुरू होकर सिबेल्स स्क्वायर तक जाएगी। इसके बाद सिबेल्स स्क्वायर पर खिलाड़ियों के सम्मान में एक समारोह आयोजित होगा। यह वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां स्पेन की राष्ट्रीय टीमें और उनके समर्थक बड़ी जीत के बाद पारंपरिक रूप से जश्न मनाते रहे हैं।

स्पेन ने रविवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में खेले गए फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। स्पेन ने इससे पहले 2010 में दक्षिण अफ्रीका में पहली बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीती थी। इस तरह यह उसके इतिहास का दूसरा विश्व कप खिताब है।

फाइनल की समाप्ति के साथ ही मैड्रिड जश्न में डूब गया। हजारों समर्थक बार और रेस्तरां से निकलकर सड़कों पर उमड़ पड़े। कई लोग स्पेन का राष्ट्रीय ध्वज ओढ़े हुए थे, जबकि अनेक प्रशंसक टीम के रंगों वाली जर्सियां पहने हुए थे।

जब तक खेलूंगा, मेरे इर्द-गिर्द चर्चाओं का शोर जारी रहेगा: रोहित

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने भविष्य को लेकर जारी अटकलों के बीच भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस ‘शोर (आलोचना, अफवाहें, अटकलें और लगातार होने वाली चर्चाएं)’ की पूरी जानकारी है, लेकिन इससे उन पर कोई फर्क नहीं पड़ता।

रोहित ने कहा कि वह जब तक क्रिकेट खेलते रहेंगे, ऐसी चर्चाएं होती रहेंगी और उनका पूरा ध्यान केवल टीम के लिए रन बनाने पर है।

इस 39 साल के बल्लेबाज ने लॉर्ड्स में रविवार को 138 रन की शानदार पारी खेली। उनकी यह बेहतरीन पारी भी भारत को 27 रन की हार से नहीं बचा सकी। मैच के बाद रोहित ने अपनी भावनाओं पर संयम बनाए रखा।

एकदिवसीय क्रिकेट में भारत की ओर से शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बने रोहित ने ‘बीसीसीआई डॉट टीवी’ से कहा, ‘‘जब से मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया है, तब से इस तरह की बातें सुनता आ रहा हूं। जब तक मैं खेलता रहूंगा, यह चलता रहेगा। इसलिए इससे मुझे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता।’’

रोहित भाई ने हमें संन्यास के बारे में कुछ नहीं बताया है: गिल

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को लेकर उनसे कोई बात नहीं की है, जिनके संन्यास को लेकर पिछले कुछ दिनों से अटकलों का बाजार गर्म था।

इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से पहले अटकल लगाई जा रही थी कि यह रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है। रोहित ने इस मैच में शानदार शतक लगाया लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने इन अफवाहों का स्पष्ट खंडन किया था।

रोहित अभी 39 वर्ष के हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल वनडे में ही खेलते हैं। वह लॉर्ड्स में शतक बनाने वाले पहले और सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज बन गए। गिल से पूछा गया कि क्या रोहित ने उन्हें अपने भविष्य को लेकर कुछ संकेत दिया है।

गिल ने कहा, ‘‘हमें उनसे बात करने का मौका ही नहीं मिला। उन्होंने (रोहित ने) हमें कुछ नहीं बताया। मुझे लगता है कि सारी बातें मीडिया में आ चुकी हैं। लेकिन इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है।’’

रोहित और कोहली को लेकर स्पष्टता चाहते हैं युवराज, जायसवाल को कम मौके मिलने से चिंतित

सभी की नजरें अनुभवी पूर्व कप्तानों रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर टिकी हैं लेकिन भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह का कहना है कि उन्हें इस समय यशस्वी जायसवाल की अधिक चिंता है क्योंकि इस युवा सलामी बल्लेबाज को पिछले तीन एकदिवसीय मुकाबलों में दो शतक लगाने के बावजूद खेलने का मौका नहीं मिल रहा है।

युवराज ने ‘जियोस्टार’ पर बात करते हुए टीम प्रबंधन और रोहित-कोहली के बीच उनके भविष्य को लेकर स्पष्ट बातचीत की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय ‘थिंक टैंक’ (फैसले करने वाले महत्वपूर्ण लोग) से अपील की कि अगर इन दोनों को अगले साल दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में होने वाले विश्व कप में खिलाने की योजना है तो उनका पूरी तरह समर्थन करना चाहिए।

युवराज ने कहा, ‘‘विराट और रोहित से अधिक मुझे इस बात की चिंता है कि यशस्वी जायसवाल को खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। अगर विश्व कप आता है और उन्हें खेलने का पर्याप्त समय नहीं मिला होगा तो अचानक उन पर दबाव आ जाएगा।’’

भारत की 2011 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य युवराज ने कहा, ‘‘आपको कोच, कप्तान और चयनकर्तओं से स्पष्टता की जरूरत है, चाहे वे कोई भी हो।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं भी उसी स्थिति में रहा हूं जिसमें रोहित और विराट हैं इसलिए यह तय करना हमारे लिए सही नहीं है कि उन्हें खेलना चाहिए या नहीं। यह टीम प्रबंधन, कोच और चयनकर्ताओं को तय करना है।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए