नूंह हिंसा: बिट्टू बजरंगी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, पुलिस ने पास से बरामद की आठ तलवारें

इस बीच, बिट्टू बजरंगी की गिरफ्तारी होते ही विश्व हिंदू परिषद ने खुद को उससे अलग कर लिया है और दावा किया है कि वह कभी बजरंग दल से नहीं जुड़ा हुआ था। हालांकि, फरीदाबाद और पूरे हरियाणा में बिट्टू बजरंगी वीएचपी और बजरंग दल कार्यकर्ता के रूप में ही चर्चित है।

नूंह कोर्ट ने बिट्टू बजरंगी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा, पास से 8 तलवारें बरामद
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

हरियाणा के नूंह जिले में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक झड़पों के सिलसिले में गिरफ्तार गौरक्षक बिट्टू बजरंगी को गुरुवार को नूंह की एक अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस बीच नूंह पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने उसके पास से आठ तलवारें बरामद की हैं।

सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) उषा कुंडू की शिकायत के आधार पर नूंह के सदर पुलिस स्टेशन में एक नई प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राज कुमार उर्फ ​​बिट्टू बजरंगी को मंगलवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया था। बिट्टू बजरंगी को बुधवार को नूंह अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे आगे की पूछताछ के लिए एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया था।


हरियाणा पुलिस ने कहा कि हिंसा भड़काने वाले सोशल मीडिया पोस्ट से पहचाने गए बिट्टू बजरंगी ने समर्थकों के साथ 31 जुलाई को वीएचपी की ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान नलहर मंदिर में तलवार और त्रिशूल ले जाते समय एएसपी उषा कुंडू और पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। उन्हें रोका भी था।

इससे पहले 1 अगस्त को बिट्टू बजरंगी को फरीदाबाद पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। उस पर वीएचपी की ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले भड़काऊ वीडियो बनाने का आरोप था। उसे फरीदाबाद की एक अदालत ने बाद में जमानत दे दी थी, जिसके बाद वह रिहा हो गया था। इसके 15 दिन बाद 15 अगस्त को फिर उसे फरीदाबाद में उसके घर के पास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


इस बीच, बिट्टू बजरंगी की गिरफ्तारी होते ही विश्व हिंदू परिषद ने खुद को उससे अलग कर लिया है और दावा किया है कि वह कभी भी बजरंग दल से नहीं जुड़ा हुआ था। हालांकि, फरीदाबाद और पूरे हरियाणा में बिट्टू बजरंगी वीएचपी और बजरंग दल के कार्यकर्ता के रूप में ही चर्चित है। उसने अपने कई वीडियो में भी इन संगठनों से जुड़े होने की बात कही है।

इसे भी पढ़ेंः जिस बिट्टू बजरंगी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, उससे VHP ने किया किनारा, कहा- उससे हमारा कोई...

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia