हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे, बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित का जिक्र

मशहूर हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस जानलेवा हमले के दौरान हरियाणवी सिंगर बाल-बाल बच गए।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग

  • सोशल मीडिया पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा

  • वायरल पोस्ट में अनिल पंडित का भी किया गया जिक्र

हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े सिंगर दिलेर खरकिया को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि देर रात उनकी रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की गई। घटना के दौरान दिलेर खरकिया गाड़ी में मौजूद थे और बताया जा रहा है कि वह इस हमले में सुरक्षित बच गए।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी वायरल हो रही है, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित का भी जिक्र किया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धमकी भरा पोस्ट

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में कुछ लोगों के नाम लेते हुए दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि दिलेर खरकिया को पहले फोन के जरिए चेतावनी दी गई थी। इसके साथ ही भविष्य में और गंभीर हमले की धमकी देने की बात भी पोस्ट में कही गई है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना और सोशल मीडिया पर सामने आए धमकी भरे पोस्ट के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और फायरिंग की घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग के पीछे कौन लोग हैं और सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का घटना से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं।

कौन हैं दिलेर खरकिया?

दिलेर खरकिया हरियाणा के जाने-माने हरियाणवी सिंगर हैं। वह खास तौर पर रागिनी कार्यक्रमों के जरिए लोगों के बीच पहचान बनाने में सफल रहे हैं। बताया जाता है कि वह वर्ष 2018 से हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने कई हरियाणवी गाने किए, जिन्हें दर्शकों के बीच काफी लोकप्रियता मिली।

दिलेर खरकिया का संबंध हरियाणा के भिवानी जिले से बताया जाता है। युवाओं के बीच भी उनकी अच्छी लोकप्रियता है।

'प्रोटीन' सॉन्ग को लेकर भी रहे चर्चा में

कुछ समय पहले दिलेर खरकिया अभिनेत्री अंजलि राघव से जुड़े 'प्रोटीन' सॉन्ग को लेकर हुए विवाद के कारण भी चर्चा में आए थे। अब उनकी गाड़ी पर कथित फायरिंग की खबर सामने आने के बाद एक बार फिर उनका नाम सुर्खियों में है।