Shraddha Murder Case: कड़ी सुरक्षा के बीच आफताब को फि‍र लाया गया FSL लैब, वैन पर हमले के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

आफताब की वैन पर हमला करने वालों ने दावा किया कि वे हिंदू सेना से हैं और श्रद्धा की नृशंस हत्या का बदला लेना चाहते हैं। हमलावरों ने कहा कि अगर कोई ऐसा करता है तो हम उसे बख्शेंगे नहीं और इसी तरह मारेंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली के महरौली इलाके में अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वाल्कर की जघन्य हत्या का आरोपी आफताब अमीन पूनावाला पर हथियारबंद लोगों द्वारा हमला किए जाने के एक दिन बाद, दिल्ली पुलिस उसे पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रोहिणी फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) में ले आई। सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान एफएसएल कार्यालय के बाहर तैनात थे।

उधर, श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी आफताब की पुलिस वैन पर हमला करने वाले आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। आपको बता दें, सोमवार की शाम करीब 6 बजकर 44 मिनट पर तलवार लिए लोगों के एक समूह ने उस वैन में घुसने की कोशिश की जिसमें आपताब को ले जाया जा रहा था। हालांकि पुलिस ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया एक पुलिसकर्मी ने हमलावरों को तितर-बितर करने के लिए उन पर बंदूक भी तान दी।


घटना सोमवार देर शाम उस समय की है, जब श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी से पॉलीग्राफ टेस्ट के बाद वापस ले जाया जा रहा था। जैसे ही आरोपी आफताब एफएसएल कार्यालय से वैन में सवार होकर निकला, तभी वहा पहले से ही इंतेजार कर रहे लोगों ने गाड़ी रोकने की कोशिश की। वैन के नहीं रुकने पर हमलावरों ने उसपर तलवार से हमला दिया और वैन के पीछे दौड़ने लगे।

वैन में मौजूद पुलिस कर्मियों ने वैन से बाहर निकले और हमलावरों को समझाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर पुलिस अधिकारी पर भी तलवार तानने लगे, जिस पर पुलिस अधिकारी ने अपनी पिस्टल निकाल कर उन्हें डराने की कोशिश की। लेकिन उनके नहीं मानने पर पुलिस ने कुछ राउंड हवाई फायरिंग की। मौके पर पहुंची बाकी पुलिस कर्मियों ने हमलावरों को पकड़ लिया।

पकड़े गए हमलावरों ने दावा किया कि वे हिंदू सेना से हैं और श्रद्धा की नृशंस हत्या का बदला लेना चाहते हैं। हमलावरों ने कहा कि अगर कोई ऐसा करता है तो हम उसे बख्शेंगे नहीं और इसी तरह मारेंगे। इससे पहले एफएसएल के अधिकारियों ने आफताब का सोमवार को करीब सात घंटे तक पॉलीग्राफ टेस्ट किया। एफएसएल के उप निदेशक संजीव गुप्ता ने कहा कि पॉलीग्राफ टेस्ट आगे भी जारी रहने की संभावना है। अधिकारी ने कहा, "नार्को टेस्ट की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी।"

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia