बिहार चुनाव: JDU आज जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली सूची, CM नीतीश कल से चुनाव प्रचार करेंगे

बता दें कि टिकट बंटवारे को लेकर एनडीए में कलह की खबरें सामने आई थी। कहा जा रहा है कि उम्मीदवारों के नामों की घोषणा में देरी भी इसी कारण हो रही थी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
i
user

नवजीवन डेस्क

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करना शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और चिराग की पार्टी समेत कई दलों ने अपने उम्मीदवारों के नामों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। जेडीयू इस मामले में अभी पीछे है, लेकिन पार्टी आज अपनी पहली सूची जारी करने जा रही है। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बुधवार को इस बात का ऐलान किया।

JDU बुधवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी

संजय झा ने पटना में एक न्यूज ऐजेंसी से बात करते हुए कहा, "जेडीयू की पहली सूची आज जारी होगी। दूसरे चरण को लेकर भी मुख्यमंत्री के साथ चर्चा हो रही है, आज सारी चीज़ें तय हो जाएंगी। नीतीश कुमार का चुनाव प्रचार कल (16 अक्टूबर) से शुरू होगा।“

उन्होंने आगे कहा, “नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं, हम नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव लड़ रहे हैं। 14 नवंबर को नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।"  

जेडीयू नेता ने आगे कहा कि, "इस पार्टी में जो भी निर्णय होता है वो नीतीश कुमार से चर्चा के बाद ही होता है। वे सबसे चर्चा करके ही निर्णय लेते हैं लेकिन किसी भी चीज पर अंतिम मुहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगाते हैं।"


सीएम नीतीश नाराज?

बता दें कि टिकट बंटवारे को लेकर एनडीए में कलह की खबरें सामने आई थी। कहा जा रहा है कि उम्मीदवारों के नामों की घोषणा में देरी भी इसी कारण हो रही थी। दिल्ली में रविवार को हुई सीट-बंटवारे की बातचीत में अपेक्षाकृत कम सीटें मिलने से नीतीश कुमार के नाराज होने की चर्चा पूरे दिन चलती रही। पार्टी और गठबंधन के नेताओं को मीडिया और विपक्ष के बीच यह संदेश देने में मशक्कत करनी पड़ी कि ‘‘सब कुछ ठीक है।’’

कुछ खबरों में यह भी दावा किया गया कि दिल्ली में बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने झा को फटकार लगाई थी।

एनडीए में असंतोष?

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सीट बंटवारे में छह सीटें मिलने से असंतुष्ट थे। उन्होंने भी सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि ‘‘सीटों की संख्या पर असहमति गठबंधन तोड़ने का कारण नहीं बन सकती।’’

पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) को 29 सीटें दी गई हैं, जबकि उपेंद्र कुशवाहा की दो साल पुरानी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को मांझी की ‘हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) जितनी यानी छह सीटें मिली हैं। मांझी ने अपने चार वर्तमान विधायकों सहित सभी छह उम्मीदवारों की सूची पहले ही जारी कर दी है।

खबरें हैं कि कुछ सीटें जो पहले जेडीयू के खाते में थीं, वे पासवान की पार्टी को दे दी गई हैं, जिससे मुख्यमंत्री असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि एलजेपी (राम विलास) इस बार कौन-कौन सी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia