बिहार: तेजस्वी ने पुल के नामकरण पर सरकार को घेरा, पीएम मोदी और नीतीश पर कसा तंज

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पुल के निर्माण और इससे जुड़े फैसलों में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री को लोकतंत्र की जननी वैशाली और ऐतिहासिक क्रांतिकारी धरती राघोपुर में खड़े होकर इस पुल के साथ तस्वीर खिंचवानी है।

बिहार: तेजस्वी ने पुल के नामकरण पर सरकार को घेरा, पीएम मोदी और नीतीश पर कसा तंज  (फोटो: IANS)
i

बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को इस मुद्दे पर राज्य सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति के बावजूद इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर नहीं रखा गया। 

तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में क्या लिखा?

तेजस्वी यादव ने विधानसभा में दिए गए सरकार के जवाब की प्रति भी सोशल मीडिया पर साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति थी कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नामकरण इस क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार पूरी तरह अचेत अवस्था में चले गए थे, तब उन्होंने विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से एक बार फिर इस मांग को उठाया था।


तेजस्वी ने अपनी पोस्ट के साथ बिहार विधानसभा में प्रस्तुत गैर-सरकारी संकल्प संख्या 65/2026 और उस पर सरकार की ओर से दिए गए जवाब की प्रति भी साझा की है। इस दस्तावेज के अनुसार, तेजस्वी प्रसाद यादव की ओर से विधानसभा के द्वितीय सत्र के लिए गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से मांग की गई थी कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नामकरण महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर किया जाए।

पुल के नामकरण पर सवाल 

वहीं, पथ निर्माण विभाग की ओर से दिए गए जवाब में कहा गया है कि वर्तमान में इस पुल का नामकरण दसवें सिख गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर करने के लिए विभाग को पहले से प्रतिवेदन प्राप्त है। प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। यह जवाब विभाग के अवर सचिव की ओर से विधानसभा को भेजा गया था।

तेजस्वी ने सरकार के इस जवाब और अब पुल के नामकरण को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने सदन में बताया था कि पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर होगा, लेकिन अब इसका नाम एक जीवित व्यक्ति के नाम पर कर दिया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस व्यक्ति की राजनीति बीजेपी पहले ही दफन कर चुकी है।


तेजस्वी का पीएम मोदी पर तंज 

आरजेडी नेता ने पुल के उद्घाटन को लेकर भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पुल का उद्घाटन एक वर्ष दो महीने पहले हो चुका है और एक वर्ष से इस पर वाहनों का परिचालन भी जारी है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से इसका उद्घाटन कर अपने नाम का शिलापट्ट लगवाना चाहते हैं।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पुल के निर्माण और इससे जुड़े फैसलों में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री को लोकतंत्र की जननी वैशाली और ऐतिहासिक क्रांतिकारी धरती राघोपुर में खड़े होकर इस पुल के साथ तस्वीर खिंचवानी है। इस तरह कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण को लेकर अब अक्षयवट राय, गुरु गोविंद सिंह और नीतीश कुमार के नामों के बीच राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

बता दें कि सरकार ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम नीतीश सेतु रखा है। इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आ रहे हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए