'नोटबंदी BJP के लिए साबित होगी ‘वोटबंदी’, यूपी में अब लड़ाई 95-5 की', अखिलेश ने मोदी सरकार के आर्थिक फैसलों पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने दावा किया कि नोटबंदी बीजेपी के लिए अब ‘वोटबंदी’ का कारण बनेगी। उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव की लड़ाई 80-20 या 20-80 की नहीं, बल्कि 95-5 की होगी और बीजेपी का पता भी नहीं चलेगा।

'नोटबंदी BJP के लिए साबित होगी ‘वोटबंदी’, यूपी में अब लड़ाई 95-5 की', अखिलेश ने मोदी सरकार के आर्थिक फैसलों पर उठाए सवाल
i
  • अखिलेश यादव ने नोटबंदी को बताया ‘भ्रष्टाचार का महासागर’।

  • अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया।

  • 'नोटबंदी ने छोटे कारोबारियों से लेकर आम जनता तक को स्लो पॉइजन की तरह नुकसान पहुंचाया।'

  • उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी बीजेपी के लिए अब ‘वोटबंदी’ का कारण बनेगी।

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोटबंदी के 10 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने नोटबंदी को ‘भ्रष्टाचार का महासागर’ बताते हुए कहा कि इस फैसले ने देश की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया और छोटे कारोबारियों से लेकर आम जनता तक को स्लो पॉइजन की तरह नुकसान पहुंचाया।

'नोटबंदी बीजेपी के लिए अब ‘वोटबंदी’ का कारण बनेगी'

उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी बीजेपी के लिए अब ‘वोटबंदी’ का कारण बनेगी। उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव की लड़ाई 80-20 या 20-80 की नहीं, बल्कि 95-5 की होगी और बीजेपी का पता भी नहीं चलेगा। अखिलेश यादव लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के समय केंद्र सरकार ने जो बड़े-बड़े दावे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। इसके बावजूद आज बाजार में नकदी का चलन बढ़कर करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच गया है। नोटबंदी के कारण कई छोटे-बड़े कारखानों पर ताले लग गए और अनेक उद्योग आज तक उस नुकसान से उबर नहीं पाए हैं।


मोदी सरकार के आर्थिक फैसलों पर सवाल 

उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था को गहरी चोट पहुंचाई। बीजेपी सरकार के आर्थिक फैसलों का खामियाजा आम लोगों और कारोबारियों को भुगतना पड़ा। बैंकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बैंकिंग व्यवस्था ऐसी हो गई है कि 'आपका खाता और आपको ही घाटा'। पेनल्टी के नाम पर आम लोगों के खातों से पैसा काटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने बैंकिंग व्यवस्था को सूदखोरों से भी ज्यादा खतरनाक बना दिया है।

नोटबंदी के दौरान बैंक की कतार में जन्मे बच्चे 'खजांची' का जिक्र करते हुए अखिलेश ने बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि खजांची आज दस साल का हो गया है, लेकिन बीजेपी ने आज तक उसका जन्मदिन नहीं मनाया। बीजेपी को अब उसे गोद ले लेना चाहिए, लेकिन वैसे नहीं, जैसे उसके नेताओं ने गांवों को गोद लिया था। खजांची की पढ़ाई-लिखाई और देखभाल आज भी समाजवादी परिवार कर रहा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि दो हजार रुपये के नोट का जन्म भी खजांची के जन्म के साथ हुआ था। खजांची कभी-कभी रोकर पूछता है कि उसके साथ जन्मे दो हजार रुपये के नोट वाले मित्र का क्या हुआ और उसे क्यों दूर कर दिया गया।


अखिलेश ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी नेता 2047 की बातें कर रहे हैं, जबकि नोटबंदी जैसे फैसलों ने देश की अर्थव्यवस्था को पीछे धकेल दिया। उन्होंने बीजेपी नेताओं को चुनौती दी कि यदि उनके आरोप गलत लगते हैं तो इस मुद्दे पर खुली बहस करा ली जाए।

अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तंज

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और करीब 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की आशंका को लेकर भी अखिलेश ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखबारों में एक करोड़ 27 लाख रुपये के गांजे की बरामदगी की खबरें छप रही हैं और दूसरी ओर 1.27 करोड़ वोट कटने की बात सामने आ रही है। यह अजीब तालमेल है।

 उन्होंने मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सुझाव देते हुए कहा कि मतदाताओं को मजबूत मेटल कार्ड दिए जाने चाहिए और मतदाता सूची को आधार से जोड़ा जाना चाहिए। हर ग्राम सभा में बायोमेट्रिक मशीनें उपलब्ध हैं, ऐसे में मतदान के दौरान मतदाताओं की पहचान के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।


डिजिटल इंडिया पर सवाल 

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग डिजिटल इंडिया की बड़ी-बड़ी बातें करते थे और पेटीएम जैसी कंपनियों का प्रचार करते थे, वे आज डिजिटल व्यवस्था और बैंकिंग सुधारों को लेकर जवाब देने से बच रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर मुद्दों से ध्यान भटकाने और केवल कॉपी-पेस्ट की राजनीति करने का आरोप लगाया।

'उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर'

प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सपा अध्यक्ष ने योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। हाथरस कांड के बाद भी महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं थमी नहीं हैं, बल्कि एक से बढ़कर एक दर्दनाक घटनाएं सामने आ रही हैं। सपा सरकार ने देश का सबसे बेहतरीन पुलिस रिस्पांस सिस्टम दिया था, जिसे बीजेपी सरकार ने बर्बाद कर दिया।

 उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता का उत्तर प्रदेश पुलिस से भरोसा उठ रहा है। कई बार सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी कर चुके हैं। सपा नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में बीजेपी को करारी शिकस्त मिलेगी और प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर बदलने वाली है।

 आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए