महंगाई का ट्रिपल झटका! पेट्रोल-डीजल के बाद CNG भी महंगी, विपक्ष ने सरकार को घेरा
दिल्ली में CNG 2 रुपये महंगी होकर 79.09 रुपये किलो पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल के भी दाम बढ़े हैं। इस मुद्दे पर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

देशभर में महंगाई को लेकर चिंता के बीच आज सुबह आम जनता को बड़ा झटका लगा। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ-साथ CNG भी महंगी कर दी गई है। दिल्ली में CNG के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाए गए हैं, जिसके बाद नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। ईंधन की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर सुबह से ही सड़कों और पेट्रोल पंपों पर दिखाई देने लगा।
दिल्ली से पहले मुंबई में भी CNG के दाम बढ़ाए गए थे। वहां CNG की कीमत 82 रुपये से बढ़ाकर 84 रुपये प्रति किलो कर दी गई थी। नई दरें 14 मई से लागू हो चुकी हैं। कीमतों में बढ़ोतरी की खबर सामने आते ही दिल्ली के कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। लोग बढ़ी हुई कीमत लागू होने से पहले टैंक फुल कराने के लिए पहुंचने लगे।
ईंधन की कीमतों पर विपक्ष का हमला
पेट्रोल, डीजल और CNG महंगी होने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “महंगाई मैन मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया। पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए महंगा कर दिया गया। वहीं, CNG के दाम भी 2 रुपए बढ़ा दिए गए। चुनाव खत्म, मोदी की वसूली शुरू।”
कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही बीजेपी सरकार ने जनता को महंगाई का तोहफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव तक राहत का दिखावा किया गया और चुनाव खत्म होते ही आम आदमी की जेब पर बोझ डाल दिया गया।
TMC और शिवसेना नेताओं ने भी साधा निशाना
तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले जनता का वोट लिया जाता है और फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर लोगों पर बोझ डाला जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब पश्चिम बंगाल सरकार पेट्रोल और डीजल पर VAT कम करेगी।
वहीं, प्रियंका चतुर्वेदी ने तंज कसते हुए लिखा, “रुपया, डीजल और पेट्रोल.. कौन पहले सेंचुरी पार करेगा?” दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने बढ़ी कीमतों का बचाव करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों से दुनिया में युद्ध जैसे हालात हैं, जिसकी वजह से कई देशों में संकट पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हालात को नियंत्रण में रखा और गैस के दाम कम से कम बढ़ाए गए हैं।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
