शिक्षक भर्ती मामले को लेकर प्रियंका का फिर योगी सरकार पर हमला, कहा- यूपी में भर्तियों के तंत्र में भारी भ्रष्टाचार

शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर एक बार फिर प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरने की कोशिश की है। इस बार प्रियंका गांधी ने सीएम योगी पर हमला करते हुए कहा कि यूपी में भर्तियों के तंत्र में भारी भ्रष्टाचार है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी लगातार यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साध रही है। एक बार फिर प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरने की कोशिश की है। इस बार प्रियंका गांधी ने सीएम योगी पर हमला करते हुए कहा कि यूपी में भर्तियों के तंत्र में भारी भ्रष्टाचार है।

इसे भी पढ़ें- प्रियंका गांधी का लेख : अडिग और अजय ‘लल्लू’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'यूपी में भर्तियों के तंत्र में भारी भ्रष्टाचार है। धांधली, गलत नियमों, सामाजिक न्याय में कटौती व भर्ती माफियाओं के चलते भर्तियां रद्द हो जाती हैं या कोर्ट में लटक जाती हैं। अब युवाओं ने ठाना है वे चुप नहीं बैठेंगे। वे भर्ती व्यवस्था में बदलाव करके दम लेंगे।' कांग्रेस महासचिव ने अपने ट्वीट के साथ एक हैशटैग भी डाला है जिसमें लिखा है- #बोलेगा_यूपी_का_युवा

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी लगातार यूपी सरकार पर शिक्षक विभाग में हुए फर्जीवाड़े को लेकर हमलावर है। इससे पहले प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' के बारे में बात करने वाले 'बड़ी मछलियों' के भ्रष्टाचार को खूब सहन कर रहे हैं। प्रियंका ने उस मीडिया रिपोर्ट को लेकर सरकार पर निशाना साधा है जिसमें कहा गया है कि अनामिका शुक्ला के नाम पर शिक्षक के रूप में फर्जी नियुक्तियों का मामला सामने आने के बाद अब जौनपुर और आजमगढ़ जिलों में भी इस तरह का मामला सामने आया है जहां प्रीति यादव के नाम पर दो नियुक्तियां हुई जबकि असली प्रीति यादव बेरोजगार है।

प्रियंका गांधी ने सरकार से पूछा था कि 'शिक्षा विभाग में इतने बड़े-बड़े फर्जीवाड़े हो रहे हैं तो क्या विभाग के मंत्री की जानकारी में ये नहीं था? क्या मुख्यमंत्री कार्यालय को इसकी भनक भी नहीं लगी?' उन्होंने ट्वीट किया था, 'हैरानी की बात है जीरो टॉलरेंस की बात करने वाले बड़ी मछलियों के भ्रष्टाचार को टॉलरेट कर रहे हैं।' प्रियंका ने फर्जीवाड़े के एक अन्य कथित मामले के बारे में भी शनिवार को ट्वीट किया था जिसमें मैनपुरी में दीप्ति सिंह के नाम पर एक फर्जी नियुक्ति हुई थी।

इसे भी पढ़ें- प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर तंज, बोलीं- शासन में भ्रष्टाचार करने वाली बड़ी मछलियों को खूब ‘टॉलरेट' किया जा रहा

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों के कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालयों में अनामिका शुक्ला के फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे नौकरी किए जाने का मामला सामने आने पर बीते मंगलवार को असली अनामिका शुक्ला सामने आई थी। उसने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर अपने शैक्षिक अभिलेखों का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दुरुपयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए खुद को बदनाम करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia